ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशनिराला, प्रसाद ने इतिहास से किया निरंतर संवाद : प्रो. अजय तिवारी

निराला, प्रसाद ने इतिहास से किया निरंतर संवाद : प्रो. अजय तिवारी

महाप्राण निराला को उनकी पुण्यतिथि पर मंगलवार को भावपूर्ण स्मरण किया गया। इस अवसर पर साहित्यिक, सांस्कृतिक संस्थाओं की ओर से आयोजित स्मृति सभा में उनकी रचनाधर्मिता को याद किया गया। निराला सभागार में...

निराला, प्रसाद ने इतिहास से किया निरंतर संवाद : प्रो. अजय तिवारी
हिन्दुस्तान टीम,इलाहाबादTue, 15 Oct 2019 08:44 PM
ऐप पर पढ़ें

महाप्राण निराला को उनकी पुण्यतिथि पर मंगलवार को भावपूर्ण स्मरण किया गया। इस अवसर पर साहित्यिक, सांस्कृतिक संस्थाओं की ओर से आयोजित स्मृति सभा में उनकी रचनाधर्मिता को याद किया गया। निराला सभागार में आयोजित स्मृति संवाद ‘निराला के निमित्त विषय विद्वानों ने विचार व्यक्त किए।

वरिष्ठ आलोचक प्रो. अजय तिवारी ने छायावाद के इतिहास बोध के संदर्भ में कहा कि निराला और प्रसाद ने इतिहास से निरंतर संवाद किया। प्रसाद ने मिथक और प्राचीन इतिहास जबकि निराला ने मिथक को तोड़े बिना आधुनिकता की बात की। निराला के साहित्य में हिन्दू-मुस्लिम सामाजिक संबंध, वर्ण व्यवस्था और स्त्री मुक्ति का सपना था। वे इतिहास को द्वंद्वात्मक रूप से देखते हैं। चिंतक प्रो. बद्रीनारायण ने कहा कि साहित्यकार के लिए जीवनबोध ही इतिहास बोध को निर्मित करता है। स्मरण शक्ति का अपना समाजशास्त्र और अपनी राजनीति होती है। स्वागत संबोधन में डॉ. सूर्य नारायण ने निराला की रचनाधर्मिता को आधुनिक इतिहास के प्ररिप्रेक्ष्य में रेखांकित किया। अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. हेरंब चतुर्वेदी ने छायावाद के इतिहास बोध को प्रतिरोध के इतिहास बोध से जोड़कर उसके स्वरूप पर प्रकाश डाला। संचालन व आभार ज्ञापन विवेक निराला ने किया। संबोधन से पूर्व अतिथियों ने निराला के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस मौके पर प्रो. अनिता गोपेश, हरीश चन्द्र पांडे, अनिल रंजन भौमिक, आनन्द मालवीय, चन्द्रविजय चतुर्वेदी, अशरफ अली बेग, डॉ. रचना आनंद, डॉ. अर्चना सिंह, बसन्त त्रिपाठी, आशुतोष पार्थेश्वर, अमरेश त्रिपाठी, गायत्री गांगुली, हरिश्चंद्र द्विवेदी, उमाकांत द्विवेदी मौजूद रहे।

माल्यार्पण कर महाप्राण को किया नमन

पं. देवीदत्त शुक्ल व पं. रमादत्त शुक्ल शोध संस्थान की ओर से आयोजित स्मृति सभा में अतिथियों ने दारागंज स्थित निराला की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर प्रो. अजय तिवारी ने निराला ने व्यक्तित्व-कृतित्व पर प्रकाश डाला। पूर्व उप महापौर अनामिका चौधरी ने निराला के प्रतिमा स्थल के सुंदरीकरण कराए जाने का आश्वासन दिया। संयोजक व्रतशील शर्मा ने निराला को प्रयाग का गौरव बताया। मधु चकहा, नागेश्वर तिवारी, गायत्रीदत्त पांडेय, शैलराज सोनकर, सुनील कुमार निषाद, बजरंगबली गिरि, अनिल कनौजिया, चांद मौजूद रहे। आभार ज्ञापन डॉ. अमरेश त्रिपाठी ने किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें