ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशबिजली कटौती से शहर बेहाल, रात की नींद हराम

बिजली कटौती से शहर बेहाल, रात की नींद हराम

बिजली कटौती से दिन का चैन व रात की नींद हराम हो गई है। पिछले एक हफ्ते से यह संकट बना हुआ है। शहर के हजारों घरों में सुबह पानी नहीं आता है। 24 घंटे में आठ घंटे तक बिना किसी सूचना के ही पावर कट कर दिया...

बिजली कटौती से शहर बेहाल, रात की नींद हराम
हिन्दुस्तान टीम,इलाहाबादSat, 14 Jul 2018 11:53 AM
ऐप पर पढ़ें

बिजली कटौती से दिन का चैन व रात की नींद हराम हो गई है। पिछले एक हफ्ते से यह संकट बना हुआ है। शहर के हजारों घरों में सुबह पानी नहीं आता है। 24 घंटे में आठ घंटे तक बिना किसी सूचना के ही पावर कट कर दिया जा रहा है।

पावर कापारेशन के मुख्य अभियंता का दावा है कि नगर क्षेत्र में 24 घंटे बिजली की सप्लाई की जा रही है। फाल्ट की वजह से कुछ दिक्कतें आ रही हैं। यह दावा हकीकत से कोसों दूर है। सिविल लाइंस, कर्नलगंज, अशोकनगर, म्योर रोड, क्लाइव रोड, राजापुर व सर्किट हाउस जैसे पॉश इलाकों में भी छह से सात घंटे अघोषित कटौती की जा रही है। जबकि इन क्षेत्रों में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के आवास भी हैं। पुराने शहर के कई इलाकों में तो 10 घंटे तक बिजली गायब हो जा रही है।

शुक्रवार को तीन ट्रांसफार्मर फुंक गए

कर्नलगंज थाने के सामने दोपहर तीन बजे 640 केवीए ट्रांसफार्मर के पास पोलों में लगे जंफरों से पीपल के पेड़ की डालियां छू गईं। जिससे चिंगारी उठने लगी। इसके आग लग गई। आसपास के लोग भी सहम गए। दुकानदार अपनी दुकानों से निकलकर भाग खड़े हुए। पुलिस वालों ने फोन किया तो टैगोर टाउन सब स्टेशन से लाइन काटी गई। गनीमत यह रही कि आग ट्रांसफार्मर तक नहीं पहुंची। वरना बड़ा हादसा हो जाता।

यमुना बैंक रोड पर लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर भी तेज धमाके के साथ सुबह 10 बजे बंद हो गया था। इससे सैकड़ों घरों की लाइन 10 घंटे तक गायब रही। रात आठ बजे के बाद दूसरा ट्रांसफार्मर लग पाया। सत्ती चौरा के पास ट्रांसफार्मर बंद हो गया था जो देर रात नहीं बन पाया। इससे सैकड़ों परिवार रात भर अंधेरे में रहे। दरियाबाद के परमधाम इलाके में ट्रांसफार्मर का केबल बाक्स ही फुंक गया था। इस क्षेत्र में बीती रात से बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी जो शाम छह बजे बहाल हो पाई।

बम्हरौली विद्युत खंड के झलवा में भी ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इस क्षेत्र में भी शाम सात बजे के बाद बिजली आई। करेली, करैलाबाग, रानी मंडी व खलीफा मंडी में केबल बाक्स व जंफर में आई खराबी से पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके साथ शहर उत्तरी व दक्षिणी के दो दर्जन मोहल्लों में भी दो से चार घंटे तक बिना सूचना के ही बिजली काट दी गई थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें