3 महीने में कराएं पंचायत चुनाव, इलाहाबाद हाई कोर्ट का आदेश; ग्राम प्रधान बने रहेंगे प्रशासक
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 3 महीने के अंदर पंचायत चुनाव कराने का आदेश दिया है। तब तक ग्राम प्रधान ही प्रशासक के तौर पर काम करते रहेंगे। कोर्ट ने कहा है कि निवर्तमान ग्राम प्रधान ही प्रशासक के रूप में काम करते रहेंगे। न्यायामूर्ति अजीत कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की डिवीजन बेंच ने यह फैसला सुनाया।

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश में तीन महीने के अंदर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने का आदेश दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति अजीत कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने दशरथ यादव सहित कई अन्य की याचिकाओं को स्वीकार करते हुए बुधवार को दिया। याची ने जिला पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने से काफी पहले राज्य चुनाव आयोग को पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराने का एक विस्तृत और समयबद्ध कार्यक्रम रिकॉर्ड पर प्रस्तुत करने का निर्देश देने की मांग करते हुए हाइकोर्ट का रुख किया था। कोर्ट ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग से अपेक्षा की जाती है कि चुनाव कराने के पूरे कार्यक्रम को अंतिम रूप देकर अगली सुनवाई की तारीख से पहले रिकॉर्ड पर प्रस्तुत किया जाए। कोर्ट ने आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन महीने के भीतर चुनाव कराने का निर्देश दिया है। इसे साथ ही कहा है कि चुनाव होने तक निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रशासक के रूप में काम करते रहेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में समय से पंचायत चुनाव कराने और ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करने के फैसले को कुल 11 याचिकाओं में चुनौती दी गई थी। इनमें छह जनहित याचिकाएं भी शामिल हैं। न्यायमूर्ति अजीत कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ में इन सभी याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन याचिकाओं में योगी सरकार के 25 मई के उस फैसले को चुनौती दी गई थी जिसमें ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाया गया था। इन केसों में उत्तर प्रदेश सरकार, पंचायती राज विभाग के निदेशक, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और जिला पंचायती राज अधिकारी को पक्षकार बनाया गया था।
प्रधान बने रहेंगे प्रशासक
तीन महीने में पंचायत चुनाव कराने के आदेश के साथ ही इलाहाबाद हाई कोर्ट ने प्रशासकों की नियुक्ति ओर एक्ट की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया। यानी योगी सरकार द्वारा नियुक्त प्रशासक के रूप में ग्राम प्रधान काम करते रहेंगे।
क्या विधानसभा चुनाव से पहले होंगे पंचायत चुनाव?
इलाहाबाद हाई कोर्ट के इस फैसले से सवाल खड़ा हो गया है कि क्या यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले पंचायत चुनाव होंगे। हालांकि अभी कानूनी प्रक्रिया के तहत फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती भी दी जा सकती है। जानकारों का कहना है कि यदि सरकार को लगता है कि तीन महीने के अंदर पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं है तो फिर सुप्रीम कोर्ट में एलएलपी दाखिल की जा सकती है। सरकार, सुप्रीम कोर्ट से हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगाने या चुनाव के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग कर सकती है। जानकारों का कहना है कि सरकार हाई कोर्ट से भी समय बढ़ाने की मांग कर सकती है। इसके लिए पुनर्विचार याचिका दाखिल करने का विकल्प उसके पास है।
मई 2026 में खत्म हो गया था पंचायतों का कार्यकाल
उत्तर प्रदेश में मई 2026 में ग्राम पंचायतों का कार्यकाल खत्म हो गया था। इसके बाद समय पर चुनाव नहीं हो सके तो इसकी सबसे बड़ी वजह ओबीसी आरक्षण से जुड़ी प्रक्रिया और इससे जुड़ा कानूनी विवाद रहा। राज्य सरकार ने आरक्षण तय करने के लिए आयोग का गठन किया था लेकिन रिपोर्ट आने में देरी हुई। उधर, जब समय से पंचायत चुनाव नहीं हो सके तो सरकार ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त कर दिया। सरकार के इस फैसले को कई याचिकाओं के जरिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी।

