यूपी के चार जिलों में आठवीं तक के सभी स्कूल बंद, कई प्राइवेट स्कूलों में 12वीं तक की छुट्टी

लाइव हिन्दुस्तान, बरेली/शाहजहांपुर/पीलीभीत
Follow us on Google News
share

यूपी में भारी बारिश को देखते हुए चार जिलों के डीएम ने सात सितंबर को आठवीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। एक जिले में कुछ प्राइवेट स्कूलों में 12वीं तक के अवकाश की घोषणा भी हुई है। 

School closed
बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में आठवीं तक स्कूल बंद

School Closed: यूपी में बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया। कुछ जिलों में बारिश का पानी घरों में भी घुस गया। कानपुर में तो बारिश ने जमकर तबाही मचाई। यहां तेज बारिश के बीच एक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया, जिसके मलबे के नीचे दबकर पिता और उसकी तीन बेटियों की मौत हो गई। बारिश ने बिजनौर जिले में भी यही आलम रहा। यहां कच्चे मकान के मलबे में महिला दबकर घायल हो गई। बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर में हुई जोरदार बारिश के चलते सोमवार को चारों जिलों के डीएम ने स्कूलों को बंद रखने की घोषणा कर दी। इसके अलावा बरेली में कुछ प्राइवेट स्कूलों ने 12वीं तक की कक्षाओं को बंद करने का ऐलान किया है।

बरेली में रविवार दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से कई जगह जलभराव हो गया। करीब 3 घंटे तक शहर के अलग-अलग इलाकों में तेज बारिश होती रही। बीते 24 घंटे में जिले में 15 मिमी से अधिक बारिश रिकार्ड की गई है। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई है। दिन में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और रात में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली। सुबह करीब 10 बजे हल्की धूप हुई लेकिन फिर बादल छा गए। उमस ने लोगों को खूब सताया। बारिश के चलते दिन और रात का तापमान सामान्य से कम हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि 7 सितंबर से तापमान में बदलाव हो सकता है। मौसम में उतर- चढ़ाव जारी रहेगा। कई इलाकों में हल्की बारिश का भी अनुमान है।

आठवीं तक के स्कूल में सोमवार को अवकाश घोषित

बारिश को देखते हुए बरेली डीएम अविनाश सिंह के आदेश पर कक्षा एक से आठवीं तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में सात सितंबर सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किया है। आदेश में उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिले के यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के साथ ही परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक, सहायता प्राप्त तथा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में सात सितंबर को शिक्षण कार्य बंद रहेगा। इसके अलावा इसी जिले में जीआरएम स्कूल की सभी शाखाएं, माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल और पद्मावती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं तक की छुट्टी की घोषणा की गई है।

बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत में भी बंद रहेंगे आठ तक के स्कूल

बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत में भी बारिश के चलते डीएम ने आठवीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। पीलीभीत डीएम ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर सोमवार को कक्षा एक से आठ तक के बच्चों का अवकाश रहेगा। रविवार को हुई बारिश के चलते परिषदीय समेत अन्य स्कूलों व उनके रास्तों में हुए जलभराव के कारण शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। बीएसए के द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में सभी बोर्ड के कक्षा आठ तक के परिषदीय प्राथमिक, उप्रावि व अन्य सहायता प्राप्त स्कूलों में सोमवार को अवकाश रहेगा।

बारिश में जर्जर मकान भरभराकर गिरा, कारें मलबे में दबीं

मेरठ जिले के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शारदा रोड पर एक मकान में शिवम साड़ी सेंटर, रेस्टोरेंट समेत कई दुकानें हैं। रविवार दोपहर बारिश के दौरान इस मकान का बंद पड़ा एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। भवन की दीवार और टीनशेड का मलबा सड़क किनारे खड़ी कारों पर जा गिरा, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि हादसे के वक्त मकान के उस हिस्से में कोई मौजूद नहीं था और सड़क पर भी कोई व्यक्ति मलबे की चपेट में नहीं आया। भवन स्वामी सोहनलाल गोयल का कहना है कि नाला निर्माण के दौरान मकान की नींव से सटाकर खुदाई की गई थी। इसके बाद भवन की सामने वाली दीवार तिरछी होने लगी। उनका कहना है कि नाले में पानी भरने और लगातार बारिश के कारण दीवारों में दरारें बढ़ती गईं और मकान लगातार कमजोर होता चला गया।

बिजनौर में बारिश से कच्चा मकान गिरा, मलबे में दबी महिला

बिजनौर जिले के रेहड़ क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के चलते शनिवार रात गांव सादकपुर में एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। गांव निवासी शाकिर अहमद पुत्र मेहरबान अहमद के कच्चे घर की दीवारें लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गई थीं। देर रात अचानक मकान ढह गया, जिसमें गृहस्वामिनी तायरा खातून मलबे में दबकर घायल हो गईं। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को बाहर निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका (डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।

पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsचार जिलों में 8वीं तक के सभी स्कूल बंद, कई प्राइवेट स्कूलों में 12वीं तक छुट्टी