यूपी के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला नया आदेश, दो और दिन शाम 4 से 6 बजे तक करें ये काम
मुख्य सचिव एसपी गोयल द्वारा बुधवार को जारी आदेश में नौ और 10 अप्रैल को शाम चार बजे से शाम छह बजे तक IGOT कर्मयोगी पोर्टल पर निर्धारित कोर्स पूरे करने होंगे। इसके साथ ही यह आदेश भी दिया गया है कि इस अवधि के दौरान कोई बैठक न आयोजित की जाए, ताकि सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण पूरा कर सकें।

उत्तर प्रदेश सरकार ने मिशन कर्मयोगी साधना सप्ताह के तहत यूपी के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए ‘डिजिटल लर्निंग’ का समय दो दिन और बढ़ा दिया है। सात और आठ अप्रैल के बाद अब नौ और 10 अप्रैल को भी शाम चार से छह बजे के बीच इसे अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है। प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल द्वारा बुधवार को जारी आदेश में नौ और 10 अप्रैल को शाम चार बजे से शाम छह बजे तक आईजीओटी (IGOT) कर्मयोगी पोर्टल पर निर्धारित कोर्स पूरे करने होंगे। इसके साथ ही यह आदेश भी दिया गया है कि इस अवधि के दौरान कोई बैठक न आयोजित की जाए, ताकि सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण पूरा कर सकें।
जारी आदेश में कहा गया है कि कार्मिक अनुभाग-3 उत्तर प्रदेश शासन के छह अप्रैल 2026 के पत्र द्वारा समस्त अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, विभागाध्यक्ष सहित मुख्यालयों में तैनात समस्त कार्मिकों (नियमित/आउटसोर्सिंग आदि) और मंडलायुक्त-जिलाधिकारी सहित फील्ड में तैनात समस्त कार्मिकों (आवश्यक सेवा से जुड़े कार्मिकों को छोड़कर) से दिनांक सात अप्रैल 2026 और आठ अप्रैल 2026 को शाम चार बजे से छह बजे तक अनिवार्य रूप से आईजीओटी (IGOT) पोर्टल पर अपेक्षित कोर्सेज को पूरा करने की अपेक्षा की गई है।
इसमें आगे लिखा है कि उक्त के संबंध में मुझे यह कहने का निर्देश हुआ है कि समस्त अपर मुख्य सचिव/ प्रमुख सचिव/ सचिव/ विभागाध्यक्ष सहित मुख्यालयों में तैनात समस्त कार्मिकों (नियमित/आउटसोर्सिंग आदि) और मंडलायुक्त/जिलाधिकारी सहित फील्ड में तैनात समस्त कार्मिकों (आवश्यक सेवा से जुड़े कार्मिकों को छोड़कर) द्वारा नौ अप्रैल 2026 और 10 अप्रैल 2026 को भी शाम चार से छह बजे तक मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत IGOT पोर्टल पर अपेक्षित कोर्सेज को अनिवार्य रूप से पूर्ण करा जाए। इस अवधि में कोई बैठक आदि आहूत न की जाए। उक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
एआई ट्रेनिंग से बढ़ेगी कार्यकुशलता
साधना सप्ताह का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य शिक्षा विभाग में डिजिटल दक्षता और कार्यकुशलता को मजबूत करना है। एआई फॉर एजुकेशन, इंट्रोडक्शन टू आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एआई एप्लिकेशन इन गवर्नमेंट जैसे कोर्स के जरिए से अधिकारियों और कर्मचारियों को नई तकनीकों से जोड़ा जा रहा है। इससे न केवल प्रशासनिक कामों में तेजी आएगी बल्कि शिक्षा व्यवस्था में नवाचार को बढ़ावा भी मिलेगा।
पोर्टल पर प्रोफाइल अपडेट अनिवार्य
सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को यह आदेश भी दिया गया है कि वे IOGT कर्मयोगी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपनी प्रोफाइल अपडेट कर लें। इसमें विभाग, जनपद और मानव संपदा कोड अंकित हो। इसके साथ ही IOGT मार्केटप्लेस के एक कोर्स को पूरा करने पर ‘कर्मयोगी उत्कृष्ट’ खिताब भी दिया जाएगा। इसके अलावा, जनपद और विकास खंड स्तर पर वेबिनार, पैनल चर्चा और सामूहिक संवाद के जरिए से सीखने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

