मेहनत और पैसा बर्बाद हो गया; नीट में असफल होने पर छात्रा ने जहर खाकर दी जान
हमीरपुर में 12वीं में 97 फीसदी अंक लाने वाली छात्रा ने नीट यूजी में फेल होने पर जहर खाकर जान दे दी। छात्रा पिछले दो साल से राजस्थान के कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। एक बार फिर असफल होने पर छात्रा पूरी तरह से टूट गई थी।

UP News: यूपी के हमीरपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां 12वीं में 97 फीसदी अंक लाने वाली छात्रा ने शनिवार रात नीट यूजी में फेल होने पर जहर खाकर जान दे दी। छात्रा पिछले दो साल से राजस्थान के कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। एक बार फिर असफल होने पर छात्रा पूरी तरह से टूट गई थी। शनिवार रात उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। देर रात उसे सीएचसी से मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया। वहां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम को जब शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया।
नगर के उरई बस स्टैंड दीवानपुरा के रहने वाले महेंद्र पाल कमला बाई शिक्षण संस्थान में प्राइवेट शिक्षक हैं। उनकी पत्नी गीता देवी की कोरोना से मौत हो गई थी। पिता महेंद्र पाल ने बताया कि सबसे बड़ी बेटी श्रुति को डॉक्टर बनाने का सपना संजोया था। दो साल पहले उसे तैयारी करने के लिए कोटा भेज दिया था। इस बार श्रुति ने नीट यूजी की परीक्षा पूरी तैयारी के साथ दी थी। 16 जुलाई को रिजल्ट निकला। उसने 17 जुलाई को रिजल्ट देखा, जिसमें वह फेल हो गई थी। इससे वह डिप्रेशन में आ गई। श्रुति ने कहा कि उसकी दो साल की मेहनत व आपका पैसा दोनों बर्बाद हो गया है। शनिवार की रात उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया।
जहर खाने की बात बताकर बेहोश हो गई छात्रा
हालत बिगड़ने पर जब पूछ गया तो वह विषाक्त पदार्थ खाने के बात कहकर बेसुध हो गई। आनन-फान में रात करीब 10:20 बजे सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टर अंजुल निरंजन ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन देर रात श्रुति की मौत हो गई। वहीं, रविवार को उरई से पोस्टमार्टम के बाद शव का मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया गया।
पढ़ने-लिखने में होशियार थी श्रुति
श्रुति साहू होनहार छात्रा थी। इंटरमीडिएट में उसके 97 फीसदी अंक आए थे। पिता महेंद्रपाल साहू कस्बे के कमलाबाई शिक्षण संस्थान में शिक्षक थे। उन्होंने पुत्री को डॉक्टर बनाने का सपना संजोया था। लेकिन श्रुति की मौत के बाद उनके अरमान अधूरे रह गए। रविवार को उरई से पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। बाद में शव का मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया गया।
आजमगढ़ में भी छात्रा ने की आत्महत्या
इससे पहले आजमगढ़ में एक छात्रा ने नीट का रिजल्ट आने के बाद आत्मघाती कदम उठा लिया। परीक्षा में असफल होने पर छात्रा ने घर के अंदर ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परीक्षा के बाद से ही छात्रा लगातार तनाव में थी। रिजल्ट आने के बाद वह पूरी तरह टूट गई थी। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जें में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

