महिला से प्रेम संबंधों में युवक को मारी गोली, घायल
Aligarh News - आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, तमंचे से फायर का आरोप, हो रही फोरेंसिक जांच

चंडौस, संवाददाता। क्षेत्र के गांव नगला पदम में बुधवार दोपहर को एक युवक को गोली मार दी गई। एक गोली सिर के ऊपर से निकल गई, जबकि दूसरे गोली के छर्रे सीने में लगने से युवक घायल हो गया। युवक ने गांव के ही युवक पर गोली मारने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे एक महिला से प्रेम संबंधों की बात सामने आ रही है। देररात तक पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। यह घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजे हुई। गांव नगला पदम निवासी 30 वर्षीय अनुराग चौहान देवराज सिंह रामलीला मैदान के पास राम सिंह वाली कॉलेज में बैठे थे।
आरोप है कि तभी गांव के उपेंद्र जादौन व अरविंद मौके पर पहुंचे। वहां किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान उपेंद्र ने तमंचा निकालकर अनुराग पर फायर कर दिया। एक गोली सिर के पास से निकल गई। दूसरी गोली सीने को छूती हुई निकली। छर्रे लगने से अनुराग के सीने पर गंभीर चोट आई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़ पड़े, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलते ही चंडौस पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी भिजवाया। जानकारी पर एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, सीओ गभाना संजीव कुमार तोमर भी पहुंच गए। मौके से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। साथ ही गोली के बारूद को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। युवक को गोली मारने के मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रथम दृष्टया जांच में घटना के पीछे एक महिला से प्रेम संबंधों की बात सामने आई है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




