स्टंटबाजी कर रहे युवकों को रोका तो भिड़े, दरोगा से मारपीट-वर्दी फाड़ी
सासनीगेट चौराहे की घटना, जाम के बावजूद बाइक व ट्रैक्टर से खतरनाक स्टंट कर रहे थे युवक, दरोगा ने रोका तो घेरकर हाथापाई करते हुए कर दी मारपीट, पुलिस ने

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर रविवार को कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया।
घटना का विवरण
सासनीगेट चौराहे पर मार्ग को बाधित करके बाइकों व ट्रैक्टर से खतरनाक स्टंटबाजी की। जब उनको ऐसा करने से रोकना चाहा तो युवक पुलिस से ही भिड़ गए। एक दरोगा से हाथापाई करते हुए मारपीट व हमला कर दिया। उनकी वर्दी फाड़ दी। बाद में थाने से पहुंचे पुलिस फोर्स ने भीड़ को तितर-बितर किया। साथ ही मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। रविवार को अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर कई शोभायात्रा के आयोजन किए गए थे। अधिकतर शोभायात्रा का समापन सासनीगेट क्षेत्र में हुआ, जिसके चलते हाथरस अड्डा से लेकर सासनीगेट चौराहे पर भीषण जाम लगा रहा। इसी बीच दोपहर करीब डेढ़ बजे कुछ युवक पूरी सड़क को घेरकर जुलूस के रूप में माल्यार्पण करने जा रहे थे। इसी बीच चौराहे के पास कुछ युवक बाइक व ट्रैक्टर से स्टंट करने लगे। ट्रैक्टर को लापरवाही पूर्वक व तेज रफ्तार में गोल घुमाकर स्टंट कर रहे थे। इससे लोगों की जान को खतरा हो सकता था। किसी की जान जा सकती थी। इसी क्रम में सासनीगेट चौकी के एक दरोगा ने ट्रैक्टर चला रहे युवक को रोका तो भीड़ उन पर हावी हो गई। सभी ने मिलकर दरोगा को घेर लिया और हाथापाई-खींचतान करते हुए उनकी वर्दी फाड़ दी। अन्य पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता की। सूचना पर एसपी सिटी आदित्य बंसल मौके पर पहुंचे। उनके साथ सीओ छर्रा कमलेश कुमार, सीओ तृतीय सर्वम सिंह, सीओ द्वितीय धनंजय कई थानों के फोर्स के साथ आ गए। इसके बाद चार लोगों को उठाकर गाड़ी से थाने भिजवाया गया।
पुलिस की ओर से लिखा जा रहा मुकदमा
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा आदि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जब पुलिस ने युवकों से पूछताछ की तो बताया कि वे किसी शोभायात्रा में शामिल नहीं थे, बल्कि अलग से माल्यार्पण करने जा रहे थे।
वर्जन
सासनीगेट चौराहे पर कुछ युवक मोटरसाइकिल व ट्रैक्टर स्टंटबाजी कर रहे थे। इससे जाम की स्थिति पैदा हो रही थी। पब्लिक सेफ्टी को देखते हुए पुलिस द्वारा इन युवकों को रोका गया। मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
आदित्य बंसल, एसपी सिटी
--------------------
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


