आप हैं यहां के वाशिंदे तो बाहरी लोगों ने कैसे जमा लिया धरना
-महिलाओं से घंटा भर वार्ता के बाद लौटे लोगों ने धरना देने वालों को बताया था...
अगर आप यहां के वाशिंदे हैं तो बाहर के लोगों ने यहां आकर धरना कैसे जमा लिया। जो भीड़ जमा है उसकी आक्रामकता बता रही है कि पूरी तैयारी के साथ यहां जमे हैं। कोई तो है जो इनकी मदद कर रहा है। इतनी महिलाएं बाहर से तो नहीं आ सकतीं। फिर कैसे मान लें कि स्थानीय लोगों का सहयोग धरने पर बैठी महिलाओं को या फिर भीड़ को नहीं मिल रहा है।कुछ इसी अंदाज में पुलिस और प्रशासनिक अफसर जीवनगढ़ इलाके के मोअज्जिज लोगों से मुखातिब हुए। असल में बुधवार को एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह व सीओ अनिल समानिया ने उच्चाधिकारियों के आदेश पर जीवनगढ़ इलाके के मोअज्जिज लोगों को शांति वार्ता के बुलाया था। यहां पास में ही एक भवन में अफसर लोगों से मुखातिब हुए। पहले दौर की बातचीत में अफसरों ने स्थानीय लोगों के समक्ष प्रस्ताव रखा था कि उनका एक प्रतिनिधिमंडल महिलाओं के बीच जाए और उनसे वार्ता करके शांतिपूर्वक धरना हटाने व शाहजमाल में चल रहे धरने में जाकर शामिल होने की बात करें। इस पर दर्जन भर लोगों का प्रतिनिधि मंडल महिलाओं से घंटाभर की बातचीत करने के बाद वापस लौट आया।प्रतिनिधिमंडल के लोगों ने बताया कि धरने पर अधिकांश महिलाएं बाहरी हैं। जो भीड़ है उनमें भी बाहरी लोगों की संख्या अधिक है। बातचीत के बीच में ही उन्होंने हम लोगों पर ही आरोप लगाना शुरू कर दिए। यह लोग किसी की बात मानने को तैयार नहीं हैं। बाहरी लोगों के धरने पर आने की बात पता लगते ही अफसरों ने स्थानीय लोगों के समक्ष हकीकत बयां कर दी। बताया कि घरों और दुकानों के बाहर लगे सीसी कैमरे आप लोगों ने बंद कर दिए, आपत्तिजनक सामग्री आप लोगों के घरों और धरनास्थल पर मौजूद है। ऐसे में इतना तो तय है कि सभी लोग बाहरी नहीं है स्थानीय लोग भी मदद कर रहे हैं। इस पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को भरोसा दिलाया है कि मामले का सुलझाने के लिए पुलिस के साथ कदम ताल को तैयार हैं। शाम को फिर वार्ता करने का प्रयास होगा।माहौल बिगड़ा तो पुलिस स्थानीय लोगों पर करेगी कार्रवाई :पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से स्पष्ट कहा है कि मान लिया बाहर के लोग हैं। कुछ लोग माहौल बिगाड़ने के प्रयास में भी जुटे हैं। ऐसे में अगर माहौल बिगड़ा तो बाहरी लोग तो भाग जाएंगे, लेकिन बाद में परेशानी स्थानीय लोगों को ही होना है। पुलिस उन पर ही कार्रवाई करेगी।सीसी टीवी कैमरे कराएं चालू : अफसरों ने स्थानीय लोगों से ये भी कहा है कि जो भी सीसी कैमरे घर व दुकानों के बाहर लगे हैं उन्हें तत्काल प्रभाव से चालू कराया जाए ताकि बाहरी तत्वों की पहचान हो सके और किसी भी स्थिति के पैदा होने पर स्थानीय लोग स्वयं को बचा सकें।हम पुलिस प्रशासन की हर संभव मदद को तैयार :स्थानीय लोगों ने बातचीत में कहा कि हम सब लोग यहां के वाशिंदे हैं। आज तक यहां कभी माहौल नहीं बिगड़ा है, इस बार भी नहीं बिगड़ने देंगे। पुलिस प्रशासन की हर संभव मदद को तैयार हैं।मस्जिद से करा देंगे ऐलान, नहीं आएंगी हमारे घर की महिलाएं :स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन को भरोसा दिलाया कि धरने में उनके परिवार के लोग व महिलाएं शामिल नहीं होंगी। इसके लिए मस्जिद से ऐलान करा दिया जाएगा। प्रयास किया जाएगा कि स्थानीय लोग इससे दूरी बनाए रखें।