
ससुरालियों के उत्पीड़न से हुई महिला की मौत
Aligarh News - अकराबाद के गांव बहादुरगढ़ी की घटना, तेजाब पिलाने का आरोप n डेढ़ वर्ष पूर्व हाथरस
अकराबाद के गांव बहादुरगढ़ी की घटना, तेजाब पिलाने का आरोप n डेढ़ वर्ष पूर्व हाथरस के गांव भोजपुर के कन्हैया से हुई थी रेनू की शादी n पूर्व में दर्ज कराई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुटी अकराबाद, संवाददाता। क्षेत्र के गांव बहादुरगढ़ी निवासी एक विवाहिता की ससुराल पक्ष द्वारा कथित उत्पीड़न के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पहले से दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। मृतका के पिता सियाराम निवासी बहादुरगढ़ी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी 25 वर्षीय पुत्री रेनु की शादी कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी कन्हैया लाल पुत्र लाखन के साथ की थी।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग रेनु को प्रताड़ित करने लगे थे। परिजनों का आरोप है कि बीते दिसंबर माह में ससुरालियों ने रेनु के साथ मारपीट की और उसे जबरन तेजाब पिला दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। मायके पक्ष के लोग उसे उपचार के लिए पहले जेएन मेडिकल कॉलेज ले गए, बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका की तहरीर के आधार पर 18 दिसंबर 2025 को आरोपी कन्हैया लाल, लाखन, गुड्डो, पूनम, जीतू व दुर्गेश निवासी भोजपुर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी। महिला की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




