घर में घुसकर मारपीट, गर्भवती व मासूम को भी पीटा
गांव कुराना में भागवत कथा के आयोजन के दौरान विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। कुछ लोगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में कई लोग घायल हुए, जिसमें एक गर्भवती महिला और ढाई वर्षीय बच्चा भी शामिल हैं। पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

जट्टारी, संवाददाता। थाना टप्पल क्षेत्र के गांव कुराना में भागवत कथा के आयोजन के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने एक परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि एक गर्भवती महिला और ढाई वर्षीय मासूम बच्चे के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव कुराना निवासी पीड़ित उत्तम सिंह पुत्र गणपत सिंह ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि 22 मई की शाम गांव में भागवत सप्ताह का आयोजन चल रहा था।
इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने कपिल और विनीत के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए। आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की तथा कपिल, दीपक, विनीत और अनुज को बाहर खींचकर उनके साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, जब परिवार की सदस्य ललिता पत्नी नरेश बीच-बचाव करने पहुंची तो उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। आरोप है कि उनकी गोद से ढाई वर्षीय पुत्र मन्नू को छीनकर जमीन पर फेंक दिया गया, जिससे उसके सिर में चोट आई। साथ ही गर्भवती ललिता के पेट में लात मारने का भी आरोप लगाया गया है, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।घटना में कपिल के सिर, आंख और हाथ में गंभीर चोटें आने तथा विनीत व दीपक के सिर में चोट लगने की बात कही गई है। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


