Aligarh News: अतिक्रमण हटाने गई टीम पर दुकानदार ने डीजल उड़ेला, मारपीट
Aligarh News: अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता बारहद्वारी पर मंगलवार को अतिक्रमण हटाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ।

Aligarh News: अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता बारहद्वारी पर मंगलवार को अतिक्रमण हटाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। नगर निगम प्रवर्तन दल की टीम का व्यापारियों ने विरोध कर दिया, जिस पर हाथापाई की नौबत आ गई। नगर निगम की प्रवर्तन दल की टीम व दुकानदारों के बीच जमकर मारपीट हुई। हंगामा व मारपीट के बीच में एक दुकानदार ने नगर निगम के कर्मचारी पर डीजल उड़ेल दिया। लोगों ने दुकानदार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी को डीजल से भिगो दिया। नगर निगम के कर्मचारी ने दुकानदार के खिलाफ बन्नादेवी थाने में तहरीर दी है。
नगर निगम की कार्रवाई
नगर निगम की टीम पिछले तीन दिनों से अतिक्रमण हटाने के लिए रसलगंज से लेकर बारहद्वारी तक एनाउंस कर रही थी। मंगलवार को अतिक्रमण हटाने के लिए बारहद्वारी पर चौराहे पर पहुंची। यहां पर मल्टीलेवल कार पार्किंग के सामने दुकानें लगी हैं, जिसमें दुकानदार प्लास्टिक व तिरपाल की बिक्री करते हैं। यहां पर दुकानों का अतिक्रमण था, जिसको प्रवर्तन दल के प्रभारी एमपी सिंह हटवाने के लिए गए थे। दुकानदारों से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा जा रहा था इसी दौरान दुकानदारों ने बहस शुरू कर दी। सचल दल व दुकानदारों के बीच बहस इतनी बढ़ी कि वहां पर हंगामा हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लात घूंसे चले। मारपीट व गाली गलौज भी हुआ। मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। मारपीट के दौरान ही दुकानदार एक बोतल लेकर आया और उसमें रखा डीजल (पेट्रोलियम पदार्थ) नगर निगम के कर्मचारी पर डाल दिया। नगर निगम का कर्मचारी मामले की वीडियो बना रहा था। नगर निगम का कर्मचारी डीजल से भीग गया और वहां से टीम वापस लौट गई। मामले की सूचना नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा को दी गई। कर्मचारी ने दुकानदार के खिलाफ बन्नादेवी थाने में तहरीर दी है।
दुकानदारों की प्रतिक्रिया
कर्मचारी पर डीजल फेंकना दुकानदारों को पड़ा भारी
बारहद्वारी के पास कुछ दुकानदारों द्वारा रोड़ पर अतिक्रमण किया गया था। उसे नगर निगम की टीम ने हटाने की कोशिश की तो गोपाल शर्मा एवं उनके बेटे ने प्रवर्तन दल टीम के जवानों व मजदूरों के साथ मारपीट की। सरकारी काम में बाधा डाला और साथ ही डीजल से भरी बोतल दुकान के अन्दर से लाकर नगर निगम के कर्मचारी गौरव कुमार सिंह पुत्र राजकुमार सिंह के उपर उड़ेल दी। तथा ऐसा ज्ञात हो रहा था कि इनको जला दिया जाएगा। साथ ही विवेक बाल्मीकि पुत्र रमेशचंद्र को जाति सूचक शब्दों को कह कर मार पीट की गई। नगर निगम के कर्मचारी गौरव कुमार सिंह पुत्र राजकुमार सिंह ने बन्ना देवी थाने में तहरीर दी है।
मेयर का बयान
गुलाब देकर समझाया गया और अब फिर नहीं मान रहे
मेयर प्रशांत सिंघल ने बारहद्वारी पर हुई मारपीट के मामले में कहा कि शहर को स्वच्छ, स्वस्थ्य व अतिक्रमण मुक्त बनाने में नगर निगम के साथ शहर के व्यापारियों व दुकानदारों की भी जिम्मेदारी है। रसलगंज में दुकानदारों को गुलाब देकर समझाया गया कि अतिक्रमण नहीं करें। यहां पर जिला अस्पताल व महिला अस्पताल है। अतिक्रमण के कारण जाम लगता है और मरीजों को परेशानी होती है। लेकिन दुकानदार नहीं मान रहे हैं। मंगलवार को प्रवर्तन दल की टीम का विरोध किया और कर्मचारी पर डीजल डाल दिया गया। किसी को भी कानून व्यवस्था हाथ में नहीं लेनी चाहिए।
नगर आयुक्त की टिप्पणियाँ
नगर आयुक्त ने कहा
तीन दिन से शहर में टीम घूमकर एनाउंस कर रही है कि सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं करें। इसके बाद भी लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बारहद्वारी के दुकानदारों को पहले भी नोटिस जारी किया था कि अतिक्रमण सड़क पर नहीं करें। दुकानें सभी वहां पर अवैध हैं। इनको शिफ्ट किया जाना है। बन्नादेवी में दुकान बनकर तैयार हो गई है। कर्मचारी के साथ मारपीट की गई और उसके ऊपर डीजल डाल दिया गया। निगम के कर्मचारी ने पूरे प्रकरण से अवगत कराया। मामले में मुकदमा कायम कराने के लिए तहरीर दे दी गई है। किसी भी व्यक्ति द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा अथवा अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त।
सीओ की जानकारी
बोले सीओ
बारहद्वारी प्रकरण में तहरीर मिली है। मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। धनंजय सिंह, सीओ द्धितीय
व्यापारियों की चेतावनी
व्यापारियों ने बाजार बंद करने की चेतावनी दी
घटना के बाद बारहद्वारी के व्यापारियों ने बुधवार को बाजार बंद करने की चेतावनी दी। कहा कि प्रवर्तन दल की टीम के सदस्य व कर्मचारियों ने पहले दुकानदार के साथ हाथापाई शुरू की थी, जिसके बाद बीच बचाव में यह स्थिति पैदा हुई। नगर निगम प्रवर्तन दल की टीम दुकानदारों का उत्पीड़न कर रही है। दुकानदार गोपाल शर्मा का आरोप है कि कर्मचारियों ने ही पहले मारपीट की शुरूआत की थी। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


