जवां प्रकरण में दो और मुकदमे, दूल्हे से मारपीट व फायरिंग का आरोप
Aligarh News - जवां थाना क्षेत्र के गांव सुनैना में मंगलवार रात को बरात के दौरान हुई थी घटना, दलित समाज की बरात में चलाया गया था विवादित गाना, जिसे लेकर हुआ विवाद

जवां (अलीगढ़), संवाददाता। जवां क्षेत्र के गांव सुनाना में दलित समाज की बरात में विवादित गाना बजाने पर हुए विवाद में पुलिस ने दो और मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें गांव के प्रधान समेत दोनों पक्षों के 42 लोग नामजद किए गए हैं। इसमें दूल्हे से मारपीट, फायरिंग व बरात न चढ़ने देने के धमकी देने के आरोप हैं। इस प्रकरण में कुल चार मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगी हुई हैं। वीडियो के आधार पर आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। वहीं, गांव में पुलिस बल तैनात है। मंगलवार को सुनाना निवासी पप्पन की बेटी की शादी थी।
पलवल से बरात आई थी। रात सवा नौ बजे बरात दूसरे पक्ष के मोहल्ले में पहुंची, तभी बरातियों ने डीजे पर विवादित गाना लगवा दिया। दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया तो दोनों में मारपीट की गई। जमकर पथराव हुआ। इसके बाद मकान में पथराव करते तोड़फोड़ की गई। वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस ने पहुंचकर हालात संभाले। मामले में पहला मुकदमा एसआई घनश्याम सिंह की ओर से अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया गया। दूसरा मुकदमा डीजे संचालक जवां क्षेत्र के गांव खुर्द दरियापुर निवासी किशनपाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हुआ। इसमें कहा था कि बरात चढ़त के दौरान अज्ञात लोगों ने डीजे की लीड छीन ली और अपने मोबाइल फोन से विवादित गाना बजाया। मना करने पर किशनपाल से मारपीट की गई। धमकी दी- तुम्हारी बरात नहीं चढ़ने देंगे : तीसरा मुकदमा गांव सुनाना के अनीस कुमार ने दर्ज कराया है। इसमें कहा है कि उनकी बहन की शादी के लिए गांव में बरात आई थी। रिंकु के घर के आगे गोपाल, विक्रम, गोविंद, कुनाल, कन्हैया, अंकित, मुनेश, हरीश, पंकज, प्रमोद, गौरव, बिट्टू, मिंटू व अन्य पांच छह लोग तमंचा, लाठी-डंडा, सरिया, तलवार आदि से लैस थे। सभी एक साथ बरात पर टूट पड़े और बरात में शामिल लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। हवाई फायर किए। बरात व परिजनों से मारपीट व पथराव किया। कहा कि तुम्हारी बरात नहीं चढ़ने देंगे, जिससे भगदड़ मच गई। डीजे में तोड़फोड़ कर दी। दूल्हे के साथ मारपीट कर चेन व अंगूठी छीनकर ले गए। फायरिंग व दुकान में रखे रुपये निकालने का आरोप : दूसरे पक्ष के रिंकू शर्मा ने चौथा मुकदमा कराते हुए कहा है कि बरात में विवादित गाने बजाए जा रहे थे। गाना बंद करने को कहा तो ग्राम प्रधान राजकुमार बघेल, जुम्मा, शिवम, रवेंद्र कुमार, मुकेश, कैलाश चंद, सोनू, राजेंद्र, रिंकू, रोहदास, धर्मेंद्र, रामवतार, गौतम, शिब्बू, मलुआ, आकाश, राजा, आकाश, तन्नु, शेट्टी, जयवीर, हरिओम, गंगा सहाय, हितेश, पदमा, राजाराम, सचिन व पांच छह अज्ञात लोगों ने लाठी डंडा व सरिया लेकर पत्थर बाजी करते हुए हमला कर दिया। घरों में घुसकर खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। गांव के दीपक तोमर की दुकान में रखे 80 हजार रुपये नकदी निकाल कर ले गए। आरोप है कि तमंचे से फायर भी किए गए। इसमें हम लोग डर व दहशत से सहम गए। चार पांच लोग घायल हो गए। कुछ समय बाद सचिन ने माइक लेकर डीजे की आवाज से सभी ग्राम वासियों को उखाड़ देने की धमकी दी। 12 मार्च को एक और बरात, पुलिस बल तैनात : घटना के बाद गांव में दहशत व तनावभरी शांति है। इसी बीच कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर घटना को गलत तरीके से पेश करके लोगों की भावनाओं को भड़काने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि 12 मार्च को दलित समाज की एक और बरात आनी है। ऐसे में माहौल खराब न हो, इसे लेकर पुलिस सतर्क है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। वर्जन प्रकरण में कुल चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज, वीडियो व इलेक्ट्रानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। सर्वम सिंह, सीओ तृतीय
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



