रंगोत्सव के त्योहार पर साप्ताहिक बंदी में भी चमक कारोबार
Aligarh News - मिठाई, गुजिया, रंग, गुलाल, पिचकारी व खिलौनों की बंपर बिक्री, सुबह से लेकर देररात तक खरीदारी का दौर रहा बाजार में जारी

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। रंगोत्सव पर साप्ताहिक बंदी वाले दिन भी बाजार खूब चमका। सुबह से लेकर देररात तक बाजार में खरीदारी का दौर चला। गुजिया, मिठाई के साथ नमकीन के उत्पादों की डिमांड रही। शाम तक काउंटर खाली हो गए। गिफ्ट हैंपर, नमकीन, कोल्डड्रिंक की सेल खूब हुई। रामघाट रोड, रेलवे रोड, कनवरीगंज, बड़ा बाजार, नौरंगाबाद, आगरा रोड समेत अन्य बाजार सुबह से सजे रहे। होली की पूर्व संध्या पर बाजार में खूब चहल पहल रही। मंगलवार को साप्ताहिक बंदी होने के बाद भी खरीदारी के लिए बाजार में भीड़ उमड़ी रही। रंगोत्सव के पर्व पर करोड़ों रुपये का कारोबार हुआ।
अलग-अलग सेक्टर में खूब धनवर्षा हुई। मंगलवार को वैसे सभी बड़े शोरूम व बाजार बंद थे। लेकिन होली वाले मार्केट खुले रहे। रामघाट रोड पर एक कतार से होली के बाजार सजे रहे। फुटपाथ पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। पिचकारी, रंग गुलाल, खिलौने की बिक्री खूब हुई। इसके अलावा मिठाई की दुकानों पर देररात तक भीड़ लगी रही। रामघाट रोड, आगरा रोड, नौरंगाबाद, सेंटर प्वाइंट, मैरिस रोड, जीटी रोड समेत अन्य स्थानों पर मिठाई की दुकानें खुलीं रहीं। विकास स्वीट्स के संचालक विकास वढ़ेरा ने बताया कि होली के पर्व पर मिठाई के साथ गुजिया, नमकीन के उत्पादों की डिमांड रही। गिफ्ट हैंपर भी लोगों ने खूब खरीदे। बाजार में ग्राहकों का अच्छा रिस्पांस रहा। रंग गुलाल व पिचकारी कारोबारी सोमांक वाष्णेर्य ने बताया कि थोक का माल सोमवार को ही खत्म हो गया था। होली पर लोगों ने खरीदारी की जिससे सेल अच्छी रही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


