एएमयू शिक्षक राव दानिश का कातिल एक लाख का इनामी जुबैर एनकाउंटर में ढेर
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर राव दानिश हत्याकांड में वांटेड था, एनआईए अफसर की हत्या करने वाले मुनीर के गैंग का सक्रिय सदस्य था जुबैर

मेरठ, प्रमुख संवाददाता। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के शिक्षक राव दानिश हिलाल की हत्या करने वाले मुनीर गैंग के शूटर और एक लाख के इनामी जुबैर को यूपी एसटीएफ ने बुधवार अलसुबह लोहियानगर थानाक्षेत्र में हापुड़ रोड पर अल्लीपुर के पास एनकाउंटर में मार गिराया। आरोपी के पास से दो पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद की गई। जुबैर कुख्यात मुनीर गैंग का शूटर था और पिछले चार साल से शाहीन बाग में पनाह लिए हुए था। एएमयू के शिक्षक राव दानिश हिलाल की 24 दिसंबर 2025 को यूनिवर्सिटी के कैनेडी हॉल के सामने 5 गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने खुलासा किया कि जुबैर और उसके भाइयों यासिर और फहद ने हत्या की थी। दरअसल, वर्ष 2018 में जुबैर ने क्वार्सी क्षेत्र में शाहवेज की हत्या कर दी थी, जिसमें जुबैर गिरफ्तार हुआ और 7 साल जेल में रहा। जुबैर को शक था कि शाहवेज हत्याकांड में दानिश हिलाल ने पुलिस के लिए मुखबिरी की थी। इसी रंजिश में जुबैर ने दानिश की हत्या की। अलीगढ़ पुलिस ने जुबैर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।इसके बाद से अलीगढ़ पुलिस और यूपी एसटीएफ जुबैर की तलाश में लगे थे। एसटीएफ की मेरठ यूनिट को जानकारी मिली कि बुधवार अलसुबह जुबैर लोहियानगर थानाक्षेत्र में हापुड़ रोड के अल्लीपुर में एक बंद फैक्ट्री पर साथियों से मिलने आया है और मेरठ में एक व्यापारी की हत्या करने आया था। अलसुबह 4 बजे एसटीएफ ने जुबैर को घेर लिया और आमने सामने की गोलीबारी हुई। जुबैर को दो गोलियां लगी और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जुबैर के पास से दो पिस्टल, 10 कारतूस और बाइक बरामद की गई। एसटीएफ के एएसपी ब्रिजेश सिंह ने बताया कि जुबैर कुख्यात मुनीर गैंग का शूटर था और तीन साल से शाहीन बाग में पनाह लिए था। मुनीर ने द किलिंग मशीन नाम से गैंग बनाया था, जिसमें जुबैर शामिल रहा था। बिजनौर में एनआईए अफसर की हत्या की थी। अलीगढ़ में जुबैर के गुर्गे कई व्यापारियों से वसूली करते थे। जुबैर के खिलाफ 43 मुकदमे दर्ज थे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


