
नुमाइश दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी जलपरियां
Aligarh News - - फिश टनल में दिखेंगी इंडोनेशिया और रूस की जलपरियां, केरल से मंगाई गईं 35 वैरायटी की रंग-बिरंगी मछलियां
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। नुमाइश में इस बार दर्शकों के लिए कुछ खास और अनोखा देखने को मिलेगा। नुमाइश परिसर में तैयार की जा रही विशाल फिश टनल आकर्षण का केंद्र बनेगी, जहां पहली बार जलपरी शो आयोजित किया जा रहा है। इस शो में इंडोनेशिया और रूस की जलपरियां अपने हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों को रोमांचित करेंगी। नुमाइश में आने वाले बच्चों से लेकर बड़े तक इस अनूठे दृश्य का आनंद ले सकेंगे। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी फिश टनल बनाई गई है, लेकिन इसमें कई नई विशेषताएं जोड़ी गई हैं। फिश टनल के अंदर 30 से 35 प्रकार की रंग-बिरंगी मछलियां रखी जाएंगी, जिन्हें विशेष रूप से केरल से मंगाया गया है।
टनल के अंदर चलते हुए दर्शक मछलियों को अपने चारों ओर तैरते हुए देख सकेंगे, जिससे समुद्र की दुनिया जैसा अनुभव होगा। फिश टनल की देखरेख कर रहे अंशुल बताते हैं कि इंडोनेशिया और रूस की प्रशिक्षित जलपरियां दिन में निर्धारित समय पर शो प्रस्तुत करेंगी। यह शो पूरी तरह सुरक्षित और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित है। जलपरियां पानी के अंदर विभिन्न मुद्राओं और कलाबाजियों का प्रदर्शन करेंगी, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगा। अलीगढ़ में पहली बार इस तरह का जलपरी शो आयोजित किया जा रहा है। फिश टनल और शो की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा और स्वच्छता के सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। इसके अलावा मौत का कुआं, विभिन्न प्रकार के झूले, मंचों पर होने वाले शो भी दर्शकों को यादगार अनुभव देंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




