बेकाबू कार हाईवे किनारे गड्ढे में गिरी; बैंक मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर की मौत, अलीगढ़ में सड़क हादसा

sandeep हिन्दुस्तान, वरिष्ठ संवाददाता, अलीगढ़
share

Uttar-pradesh News - गांधीपार्क थाना क्षेत्र के दिल्ली-कानपुर हाईवे पर अलीनगर के पास हुआ हादसा, कार में सवार थे दोनों लोग, कहां जा रहे थे, ये स्पष्ट नहीं, जांच कर रही पुलिस

बेकाबू कार हाईवे किनारे गड्ढे में गिरी; बैंक मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर की मौत, अलीगढ़ में सड़क हादसा

अलीगढ़ के गांधीपार्क थाना क्षेत्र में दिल्ली-कानपुर हाईवे पर बड़ी दुर्घटना हो गई। एक बेकाबू कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे गड्ढे में गिर गई, जिसमें सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक विवेक चंद्रा और महिला सहायक प्रबंधक तान्या शर्मा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार देर रात हुआ। लेकिन, बुधवार सुबह जब लोगों ने कार क्षतिग्रस्त देखी तो घटना का पता चला। विवेक इटावा और तान्या उत्तराखंड के देहरादून की रहने वाली हैं। दोनों कहां जा रहे थे, ये स्पष्ट नहीं हो सका। हादसे के कारणों की भी पुलिस जांच कर रही है।

बैंक मैनेजर और सहायक प्रबंधक की मौत

Voice of UP

इटावा के भरथना स्थित राजा कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय विवेक चंद्रा वर्तमान में सेंट्रल बैंक की हरदुआगंज शाखा में प्रबंधक थे। जबकि उत्तराखंड के देहरादून जिले के शिवगिरधर इलाका निवासी 30 वर्षीय तान्या शर्मा इसी बैंक की बन्नादेवी क्षेत्र के बारहद्वारी शाखा में सहायक प्रबंधक के पद पर तैनात थीं। पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम को दोनों की परिजनों से बात हुई थीं। बुधवार सुबह सूचना मिली कि हाईवे किनारे एक कार क्षतिग्रस्त हालत में है।

हाईवे किनारे गड्ढे में गिरी बेकाबू कार

इंस्पेक्टर गांधीपार्क विजय सिंह मौके पर पहुंचे, जिसके बाद शवों को बाहर निकलवाने के साथ कार को जेसीबी से बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि दोनों के शव अकड़े हुए थे, जिससे प्रतीत हो रहा है कि देर रात 12 बजे के आसपास हादसा हुआ। कार गड्ढे में गिरने के बाद पलटते हुए पेड़ से जा टकराई।

तान्या चला रही थी कार, एक्सीलेटर पर था पैर

पुलिस के अनुसार कार को तान्या चला रही थीं। एक्सीलेटर पर उनका पैर रखा हुआ था। दोनों कहां जा रहे थे, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। पोस्टमार्टम हाउस पर पहले विवेक के परिजन पहुंच गए। वहीं, दोपहर बाद तान्या के घरवाले भी आ गए। पोस्टमार्टम में दोनों के सिर, शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। देर शाम दोनों के परिजन शव लेकर रवाना हो गए।

विवेक ने 21 अप्रैल को संभाला था कार्यभार

बैंक अधिकारियों के अनुसार विवेक पहले खैर शाखा में प्रबंधक थे। इसके बाद 21 अप्रैल को ही वह स्थानांतरित होकर हरदुआगंज में आए थे। उधर, तान्या 2024-25 में नियुक्त हुई थीं। ट्रेनिंग के बाद उन्हें पहली पोस्टिंग शहर के गांधी आश्रम शाखा में मिली। अब वह बारहद्वारी शाखा में बतौर असिस्टेंट मैनेजर कार्यरत थीं।

घटना के बाद दोनों परिवारों में मचा कोहराम

विवेक के पिता अनिल कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम सात बेटे से बात हुई थीं। उसने कहा था कि वह सुरक्षित अपने फ्लैट पर पहुंच गया है। इसके बाद क्या हुआ। कोई जानकारी नहीं। बुधवार सुबह पुलिसकर्मी ने फोन करके कहा कि आपके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। ये सुनते ही होश उड़ गए। हादसा कैसे हुआ, ये पता नहीं है। संभवत: पीछे से किसी ट्रक ने टक्कर मारी, जिससे कार अनियंत्रित होकर गिर गई। साल 2016 में विवेक की शादी हुई थी। उन पर दो बच्चे हैं। पत्नी व मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, तान्या अविवाहित थीं। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।