Hindi NewsUttar-pradesh NewsAligarh NewsTraffic Management Improvement at Marriage Halls on Agra Road
मैरिज होम के बाहर रहेंगे वॉलंटियर्स, रात 11 बजे तक ड्यूटी करेगी पुलिस

मैरिज होम के बाहर रहेंगे वॉलंटियर्स, रात 11 बजे तक ड्यूटी करेगी पुलिस

संक्षेप:

Aligarh News - 21 मैरिज होम, पार्किंग न होने के चलते लग जाता है जाम, पांच से 10 वॉलंटियर्स की टीम सुव्यवस्थित तरीके से वाहनों को कराएगी पार्क

Thu, 4 Dec 2025 12:32 AMNewswrap हिन्दुस्तान, अलीगढ़
share Share
Follow Us on

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। आगरा रोड पर स्थित बैंक्वेट हॉलों के बाहर पार्किंग के चलते यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है। इसके लिए अब पुलिस व मैरिज होम्स के मालिकों की ओर से सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। इसके तहत मैरिज होम के बाहर निजी वॉलंटियर्स मौजूद रहेंगे, जो आने वाले वाहनों को सुव्यवस्थित तरीके से पार्क कराएंगे, ताकि जाम न लगे। वहीं, पुलिस भी शादी वाले दिन दूसरी शिफ्ट में देररात 11 बजे तक ड्यूटी करेगी। जिले में आगरा रोड पर ही 21 मैरिज होम हैं। जिस दिन बड़ा सहालग होता है, उस दिन लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इसके पीछे सबसे बड़ा कारण पर्याप्त जगह में पार्किंग का न होना है। साथ ही मैरिज होम के बाद वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़ा कर दिया जाता है। हिन्दुस्तान की ओर से इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। इस पर एसपी यातायात प्रवीन कुमार यादव की ओर से दो दिन पहले मडराक थाने में मैरिज होम के प्रबंधकों के साथ बैठक की गई। इसमें पार्किंग को लेकर मंथन हुआ। एसपी यातायात ने बताया कि अक्सर शादी में आने वाले लोग मैरिज होम के पास वाहन को पार्क कर देते हैं, जो दूसरे वाहन चालकों के लिए परेशानी बनते हैं। चूंकि लोगों को ये पता नहीं होता कि वाहन को कहां खड़ा करना है। इसके लिए जरूरी है कि वहां वॉलंटियर्स की ड्यूटी लगाई जाए। प्रबंधकों से कहा गया है कि जिस दिन उनके मैरिज होम में शादी हो, उस दिन पांच से 10 वॉलंटियर्स की टीम लगाई जाए। उनको जिम्मेदारी दी जाए कि शादी में आने वाले पहले वाहन से लेकर अंतिम तक प्रत्येक को सुव्यवस्थित तरीके से पार्क कराया जाए। इसके अलावा शादी वाले दिन ट्रैफिक पुलिस को देररात 11 बजे तक तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।