
अलीगढ़-पलवल हाईवे पर दो वाहन पलटने से घंटों जाम
Aligarh News - अलीगढ़-पलवल हाईवे पर बुधवार को राजा महेंद्र प्रताप सिंह विवि के सामने ट्रक और ट्रैक्टर के पलटने से बड़ा हादसा हुआ। हादसे के बाद कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया।
अलीगढ़-पलवल हाईवे पर दो वाहन पलटने से घंटों जाम लोधा, संवाददाता। थाना क्षेत्र के अलीगढ़-पलवल हाईवे पर बुधवार को राजा महेंद्र प्रताप सिंह विवि के सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ ही मिनटों के अंतराल में ट्रक और ट्रैक्टर पलट गए। हादसे के बाद हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार ट्रक चालक सुमित पुत्र बृजलाल निवासी गांव बरा, थाना पिलुआ, जनपद एटा, दिल्ली से सेव लादकर पश्चिम बंगाल के सिल्लीगुड़ी जा रहा था। विश्वविद्यालय के समीप अचानक सामने आए वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
ट्रक के पलटते ही तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और बड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला। चालक सुमित के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। इसी बीच, अलीगढ़ शहर की ओर से लकड़ी लेकर खैर की तरफ जा रहा एक ट्रैक्टर भी उसी स्थान पर कच्चे पटरी पर उतरते समय अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह करीब सात बजे एक ट्रक जर्जर सड़क की वजह से बीच हाईवे पर खराब हो गया था, उसका एक्सल टूट गया था। इस कारण सड़क का संचालन पहले से बाधित था। उसी खराब ट्रक को बचाने के लिए दोनों वाहन चालकों ने अपने वाहनों को कच्चे पटरी की ओर मोड़ा, जहां नियंत्रण बिगड़ने से दोनों वाहन पलट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुल सका। पुलिस का कहना है कि मामले में अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है, जांच जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




