किशोर के सिर में कील ठोकने वाला आरोपी भेजा बाल सुधार गृह
लोधा के गांव शाहपुर कुतुब में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद में किशोर मनीष के सिर में कील ठोककर घायल कर दिया गया। मुख्य आरोपी मनोज को पुलिस ने बाल सुधार गृह भेज दिया, जबकि मनीष का उपचार मेडिकल कॉलेज में जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लोधा। थाना रोरावर क्षेत्र के गांव शाहपुर कुतुब में शराब के लिए रूपए मांगने को लेकर हुए विवाद में किशोर के सिर में कील ठोककर घायल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया है। वहीं घायल किशोर का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। गांव शाहपुर कुतुब निवासी मनीष पुत्र बीरपाल शनिवार शाम करीब पांच बजे मजदूरी के 200 रुपये लेकर घर लौट रहा था। आरोप है कि गांव की बगीची के पास उसे गांव का ही किशोर मनोज पुत्र बिल्ले मिल गया। मनोज ने शराब पीने के लिए उससे रुपये मांगे।
मनीष द्वारा रुपये देने से मना करने पर आरोपी भड़क गया और उसने अपने तीन-चार साथियों को मौके पर बुला लिया।आरोप है कि इसके बाद आरोपी युवक मनीष को पकड़कर घर के अंदर ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, जान से मारने की नीयत से उसके सिर में दो कील ठोक दी गईं। हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल किशोर की दादी धर्मवती उसे लेकर शाहपुर कुतुब चौकी पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन घायल को जिला अस्पताल लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मामले में थाना रोरावर पुलिस ने घायल मनीष की तहरीर पर आरोपी किशोर मनोज के खिलाफ जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर बंशीधर पांडे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी किशोर को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। वहीं घायल किशोर का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


