विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत होने पर हंगामा
Aligarh News - भोगपुर गांव में विवाहिता माधुरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने अंतिम संस्कार की तैयारी की, जिससे मायके पक्ष में हंगामा हुआ। पुलिस ने हस्तक्षेप किया और शव का पोस्टमार्टम कराया। माधुरी के परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। मामला अभी भी जांच के तहत है।

चंडौस, संवाददाता। थाना क्षेत्र के गांव भोगपुर में रविवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सोमवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब ससुराल पक्ष द्वारा बिना मायके पक्ष को बताए अंतिम संस्कार की तैयारी कर दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष मौके पर पहुंच गया और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मूल रूप से बुलंदशहर जनपद के छतारी क्षेत्र के गांव कमोना की रहने वाली माधुरी (25) का विवाह करीब छह वर्ष पूर्व भोगपुर निवासी भूरा से हुआ था।
भूरा गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत बताया जा रहा है। दंपती की तीन साल की एक बेटी भी है। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात माधुरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ससुराल पक्ष द्वारा उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।उधर, सोमवार को जब परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी किसी माध्यम से मायके पक्ष को इसकी जानकारी हो गई और वे मौके पर पहुंच गए। मायके वालों का आरोप है कि उन्हें महिला की मौत की कोई सूचना नहीं दी गई और बिना बताए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किया जा रहा था। मृतका के भाई आकाश कुमार ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने पोस्टमार्टम कराने की बात कही तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कोतवाल सत्यवीर सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


