गरज-चमक के साथ बरसे बादल, बढ़ी ठिठुरन
Aligarh News - - दिनभर छाए रहे घने बादल, बारिश से जनजीवन प्रभावित, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अभी बना रहेगा सर्दी का असर

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। मौसम ने मंगलवार को अचानक करवट ले ली। गरज-चमक के साथ बादल रुक-रुककर रात बरसे। सर्द तेज हवा कंपकंपी छुड़ा रही थी। मौसम के इस बदले मिजाज से तापमान सामान्य से नीचे आ गया। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से सर्दी का असर अभी बना रहेगा। आसमान पर सुबह से ही घने बादल छाए रहे। सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। दिन की शुरुआत हल्की बूंदाबांदी से हुई, जो रुक-रुककर चलती रही। करीब 11:30 बजे अचानक बादलों की तेज गरज के साथ बारिश हुई, जिससे वातावरण में नमी बढ़ गई। ठंड का असर और तीखा हो गया।
बारिश के थमने के बाद भी रात तक रुक-रुककर फुहारें पड़ती रहीं। ठंडी हवाओं के साथ गलन भरी सर्दी ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही कम रही। राहगीर सिर ढककर और गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भी बदले मौसम के कारण खासा परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिनभर धूप न निकलने से अधिकतम तापमान गिरकर 17.4 डिग्री सेल्सियस पर रुक गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम था। विभाग ने बुधवार को घने कोहरे की संभावना जताई है। ..... पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव देखने को मिला है। इसी सिस्टम के प्रभाव से बादल, बारिश और ठंडी हवाएं चल रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक-दो दिन तक बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके चलते तापमान में और गिरावट आने से ठंड का असर बना रहेगा। लोगों को सुबह-शाम विशेष सतर्कता बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




