
स्मार्ट ऐप के जरिए मीटर रिचार्ज करने का प्रशिक्षण
Aligarh News - सोमवार से अलीगढ़ समेत सभी जिलों में चलेगा विशेष जागरूकता अभियान, उपभोक्ताओं को रिचार्ज और स्मार्ट ऐप उपयोग के लिए किया जाएगा प्रेरित
अलीगढ़़ वरिष्ठ संवाददाता। स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था को उपभोक्ताओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से लागू किया गया था, लेकिन अब यही व्यवस्था बिजली कंपनियों के लिए चुनौती बनती दिखाई दे रही है। हालात यह हैं कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं में से अधिकांश के खाते निगेटिव बैलेंस में पहुंच चुके हैं, जिससे बिजली आपूर्ति और राजस्व वसूली दोनों प्रभावित हो रही हैं। बिजली विभाग ने स्थिति को संभालने के लिए अलीगढ़ सहित प्रदेश के सभी जिलों में दो से सात फरवरी तक विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। निगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं की सूची उपकेंद्रवार अवर अभियंताओं को उपलब्ध करा दी गई है, ताकि वे सीधे उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें समय पर रिचार्ज कराने के लिए प्रेरित कर सकें।
अभियान के दौरान विभागीय कर्मचारी उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर का ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करेंगे। उनके फोन में यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप भी इंस्टॉल कराएंगे। साथ ही उपभोक्ताओं को ऐप के जरिए बैलेंस जांचने और समय पर रिचार्ज करने की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि भविष्य में खाते निगेटिव न हों। पावर कारपोरेशन ने निर्देश दिए हैं कि 15 फरवरी तक अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा कर इसकी दैनिक मॉनिटरिंग की जाए। इसके लिए डिस्काम स्तर पर कार्ययोजना तैयार कर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है, ताकि उपभोक्ताओं को डिजिटल प्रणाली से जोड़ा जा सके और राजस्व व्यवस्था को पटरी पर लाया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




