जेब से पैसा गायब, मीटर बोले अभी बकाया

Apr 05, 2026 11:31 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अलीगढ़
share

Aligarh News - पोर्टल पर गायब ट्रांजेक्शन, जमा रकम का नहीं मिल रहा हिसाब, बिजलीघरों पर बढ़ रहा गुस्सा, तकनीकी खामियों से लोग परेशान

जेब से पैसा गायब, मीटर बोले अभी बकाया

(स्मार्ट मीटर का झटका) अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। उपभोक्ताओं को आधुनिक सुविधाएं देने का दावा कर लगाए गए स्मार्ट मीटर अब सिरदर्द बनते जा रहे हैं। बिल-बैलेंस स्पष्ट होना तो दूर रहा, एडवांस रिचार्ज कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को बकाएदार बताया जा रहा है। सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि पोर्टल पर जमा रकम का कोई हिसाब नजर नहीं आ रहा, जिससे उपभोक्ता खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।सुरेंद्रनगर के एक उपभोक्ता का मामला इस समस्या की गंभीरता को उजागर करता है। उपभोक्ता के अनुसार उनका करीब 950 रुपये का बिल आया था, जिसे उन्होंने जमा कर दिया। इसके बाद उन्हें करीब ढाई हजार रुपये एडवांस रिचार्ज कराने के लिए कहा गया।

उन्होंने वह रकम भी जमा कर दी, लेकिन कुछ ही समय बाद उनके मीटर में करीब 1200 रुपये का बकाया दिखा दिया गया और बिजली आपूर्ति काट दी गई। अब वह समझ नहीं पा रहे कि उन्होंने जो ढाई हजार रुपये जमा किए थे, वे आखिर गए कहां। पोर्टल पर भी उस राशि का कोई स्पष्ट विवरण नहीं मिल रहा। यह समस्या सिर्फ एक उपभोक्ता तक सीमित नहीं है। शहर के कई इलाकों से इसी तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। सारसौल की कस्तूरी देवी ने 500 रुपये एडवांस रिचार्ज कराया, बिजली नहीं आई। चेतन शर्मा ने 500 रुपये बकाया जमा कराने के बाद 1600 रुपये एडवांस भी जमा कर दिए, फिर भी चार दिन में बिजली का इंतजार कर रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि रिचार्ज के बाद भी बैलेंस अचानक खत्म हो जाता है या फिर बकाया दिखने लगता है। कई बार भुगतान के बाद भी बिजली चालू नहीं होती, जिससे लोगों को घंटों अंधेरे में रहना पड़ता है।....बिजलीघरों पर बढ़ रही भीड़तकनीकी खामियों और पारदर्शिता की कमी से परेशान उपभोक्ता अब बिजलीघरों का रुख कर रहे हैं। शनिवार शाम रावल टीला बिजलीघर पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा, जहां उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा कर अधिकारियों से जवाब मांगा। मौके पर मौजूद कर्मचारियों के पास संतोषजनक जवाब नहीं था। उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर सिस्टम में सुधार के बजाय समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। ऑनलाइन पोर्टल पर सही डेटा न दिखना, ट्रांजेक्शन हिसाब का गायब होना और बिना वजह बकाया दिखाना लोगों की परेशानी को और बढ़ा रहा है।....वर्जन....उपभोक्ताओं की शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। ये नंबर सभी बिजलीघरों में चस्पा हैं।अंशुमान यादव, मुख्य अभियंता

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।