
ताला निर्माता पिया जी प्रोडक्ट पर एसआईबी ने की छापेमारी
Aligarh News - दस्तावेज समेत अन्य खरीद बिक्री संबंधित रिकार्ड किए सीज, कारोबारी को नोटिस
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। राज्यकर विभाग एसआईबी की टीम ने बुधवार को नीवरी मंडी रोरार में ताला बनाने वाली पिया जी प्रोडक्ट फर्म पर छापेमारी की। छापेमारी में आठ लाख रुपये से अधिक का माल बिना दस्तावेजों के बरामद किया गया। खरीद बिक्री संबंधित दस्तावेज जांच अधिकारियों ने कब्जे में ले लिया। निर्माता को नोटिस जारी किया गया है। करापवंचन करने वाली फर्मों को एसआईबी ने सूचीबद्ध किया है। डेटा एनालसिस के आधार पर अब एसआईबी ने फर्मों के खिलाफ जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बुधवार को डीसी प्रशासन चंद्रशेखर सिंह, एसआईबी के असिस्टेंट कमिश्नर शिव कुमार सिंह ने टीम के साथ नीवरी मंडी रोरार थाना क्षेत्र में संचालिक पिया जी प्रोडक्ट फर्म पर छापेमारी की।
फर्म की ओर से सालाना बिक्री कम दिखाई जा रही थी। जिसके सापेक्ष रिटर्न भी नहीं के बराबर दाखिल किया जा रहा था। एसआईबी की जांच में सामने आया है कि फर्म दस्तावेजों टर्नओवर कम दिखा रही है, जबकि फर्म की ओर से उत्पाद की बिक्री अधिक की जा रही है। कम बिक्री दिखाकर करापवंचन किया जा रहा है। फर्म वैसे तो बिक्री सात से आठ लाख दिखा रही है, जबकि मौके पर 20 से 25 श्रमिक इकाई पर कार्य करते हुए टीम को मिले। जांच टीम ने विभिन्न फर्मों से खरीदे गए कच्चे माल व बिक्री किए गए माल का रिकार्ड कब्जे में ले लिया है। फर्म से जुड़े ट्रांसपोर्टरों की भी जांच होगी। वह भी एसआईबी के रडार पर आ गए हैं। एसी एसआईबी शिव कुमार सिंह ने बताया कि दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं। फर्म संचालक को नोटिस जारी किया गया है। अब मामले की विस्तृत सुनवाई व जांच होगी और इसके बाद टैक्स निर्धारित किया जाएगा। जांच टीम में डीसी प्रशासन डा. चंद्रशेखर सिंह, एसी एसआईबी शिव कुमार सिंह, एसी प्रताप बहादुर सिंह, सीटीओ राहुल दीक्षित, सीटीओ राधेश्याम मौजूद रहे। करापवंचन वाली फर्में एसआईबी के रडार पर करापवंचन करने वाली फर्में एसआईबी के रडार पर आ गई हैं। अब ऐसी फर्मों को सूचीबद्ध किया गया है जो मझोली हैं, लेकिन उनका कारोबार बड़ा है। फर्म छोटी दिखाकर रिटर्न से बचने का काम किया जा रहा है। लेकिन अब एसआईबी की टीम ने ऐसी इकाइयों की छानबीन करेगी। अगले एक से दो माह तक जांच जारी रहेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




