टैंकर की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल
Aligarh News - बरला थाना क्षेत्र के टिकटा गाँव में एक तेज रफ्तार टैंकर ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश जारी है।

बरला, संवाददाता। थाना बरला क्षेत्र के अंतर्गत टिकटा गाँव के निकट एक तेज रफ्तार टैंकर ने दो अलग-अलग बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक की तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, पहली बाइक पर ओमप्रकाश पुत्र रामपाल सिंह और राजकुमार पुत्र महेंद्र सिंह निवासी बड़ागांव थाना लोधा, सवार थे। दोनों भाई अपनी ससुराल वाजिदपुर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कुछ समय पूर्व उनकी सलेज का निधन हो गया था, जिसके बाद वे अपनी पत्नी को विदा कराने ससुराल जा रहे थे।
इसी दौरान, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित टैंकर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इसी हादसे का शिकार एक अन्य बाइक सवार वीरेश पुत्र अजयपाल, निवासी भीमसेन नगला, थाना सहावर जनपद कासगंज भी हुआ। वीरेश अपनी बुआ को छर्रा छोड़कर वापस अलीगढ़ स्थित एक अस्पताल में अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पीआरवी को सूचना दी। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छर्रा ले जाया गया। तीनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश और मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी सुशील कुमार के अनुसार, अभी तक घायलों या उनके परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




