एनएचएम में इस्तीफों की झड़ी, एक ही बैठक में 11 प्रस्ताव
Aligarh News - - संविदा चिकित्सकों से लेकर स्टाफ नर्स तक ने छोड़ी जिम्मेदारी, कई ने स्वेच्छा से दिया त्यागपत्र, कुछ लंबे समय से अनुपस्थित

अलीगढ़़, वरिष्ठ संवाददाता। एक के बाद एक आ रहे त्यागपत्रों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की जमीनी व्यवस्था में हलचल पैदा कर दी है। संविदा पर तैनात चिकित्सक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और स्टाफ नर्सें पद छोड़ रही हैं, तो कुछ केंद्रों पर तैनात कर्मी महीनों से बिना सूचना गायब हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक यह सिलसिला जारी है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कुल 11 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें कई चिकित्सकों व स्टाफ के इस्तीफे स्वीकार करने और कुछ के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई। पिछले दिनों हुई बैठक में बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टप्पल के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में संविदा पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) सुनीता गुर्जर ने 19 जनवरी को स्वेच्छा से त्यागपत्र दे दिया।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक खैर में तैनात आयुष चिकित्सक डॉ. पूजा साह ने 4 फरवरी को पद छोड़ दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंडौस में एनसीडी कार्यक्रम के तहत कार्यरत चिकित्सा अधिकारी डॉ. एफके रहमान ने 20 फरवरी को अपना त्यागपत्र सौंपा। कम्युनिटी प्रोसेस कार्यक्रम के अंतर्गत दीनदयाल अस्पताल में तैनात टेलीमेडिसिन चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकुर चौहान ने 30 जनवरी को त्यागपत्र दिया। वहीं जिला चिकित्सालय सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम के तहत जिला महिला अस्पताल में तैनात ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अंजली राजपूत ने 6 फरवरी को पद छोड़ दिया। मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सीएचसी चंडौस में संविदा पर कार्यरत स्टाफ नर्स बदर जहां ने 12 जनवरी को त्यागपत्र दिया, जिसे स्वीकार करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। .... लंबे समय से अनुपस्थित कुछ मामलों में लंबे समय से अनुपस्थिति की स्थिति सामने आई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिजौली के आयुष्मान आरोग्य मंदिर दरी अलावलपुर में तैनात सीएचओ गुंजन 24 दिसंबर, 2025 से निरंतर अनुपस्थित चल रही हैं। सीएचसी इगलास के आयुष्मान आरोग्य मंदिर गंगरुआ में तैनात सीएचओ राजेंद्र गोला 21 जुलाई, 2025 से बिना सूचना के अनुपस्थित बताए गए। ब्लॉक चंडौस के आयुष्मान आरोग्य मंदिर नगला सरुआ में तैनात सीएचओ शान मोहम्मद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे। निरीक्षण के दौरान वे अनुपस्थित मिले और स्पष्टीकरण के बावजूद संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके। उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई का प्रस्ताव रखा गया। ..... ऑडियोलॉजिस्ट की वापसी मलखान सिंह जिला अस्पताल में संविदा पर तैनात ऑडियोलॉजिस्ट अनुज कुमार सिंह का मामला भी सामने आया। उन्होंने पूर्व में 1 दिसंबर, 2025 को त्यागपत्र दिया था, जिसे स्वीकार करने की प्रक्रिया शुरू हुई। हालांकि इसी वर्ष 2 फरवरी को उन्होंने पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए पुनः कार्य करने की इच्छा जताई। इस पर समिति ने विचार के लिए मामला सुरक्षित रखा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



