Aligarh News: छात्रावास में बच्ची से छेड़छाड़ में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
Aligarh News: अलीगढ़ के क्वार्सी क्षेत्र में एक छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर महर्षि वाल्मीकि सेना ने विरोध जताया। एसएसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बच्ची खेलते समय आरोपी रिंकू कुमार के कमरे में गई थी, जहां उसके साथ छेड़छाड़ की गई।

Aligarh News: अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। क्वार्सी क्षेत्र के छात्रावास में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर महर्षि वाल्मीकि सेना ने शुक्रवार को आक्रोश जताया। एसएसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मामले में क्वार्सी थाना क्षेत्र के एक इलाका निवासी व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें कहा था कि उनके पिता कॉलेज में कर्मचारी थे। ऐसे में 1985 से वे छात्रावास में ही रह रहे हैं। उन्हीं के पड़ोस में आरोपी रिंकू कुमार भी रहता है। घटना पांच जुलाई की है। उनकी छह साल की बेटी खेलते हुए रिंकू के कमरे में चली गई।
वहां आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी है। आरोप है कि दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची रोते हुए घर आई और पूरी बात अपनी मां को बताई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। लेकिन, कोई कार्रवाई न होने पर महर्षि वाल्मीकि सेना के प्रदेश अध्यक्ष राहुल चेतन व अन्य लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन देकर कहा कि आरोपी पक्ष पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहा है। धमकी दे रहा है, जिससे परिवार सहमा हुआ है। पुलिस सुनवाई नहीं कर रही। एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान कमल वाल्मीकि, केशव चौधरी, आनंद शास्त्री, गौरव, शिवम, तीरथराम चंचल, सतीश आदि मौजूद रहे।


