सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से सफाई व्यवस्था चौपट
Aligarh News - फोटो. -निजीकरण के विरोध में सफाई कर्मचारियों ने की हड़ताल -शहर के अधिकांश हिस्सों

फोटो. -निजीकरण के विरोध में सफाई कर्मचारियों ने की हड़ताल
-शहर के अधिकांश हिस्सों से नहीं उठा कूड़ा, सड़क किनारे फैला कचरा
-एटूजेड के कूड़ा प्लांट पर सफाई कर्मचारी नेताओं ने किया प्रदर्शन
-कूड़ा लेकर आने वाले वाहनों को प्लांट में जाने से रोका
-वर्कशॉप से भी वाहनों को नहीं निकलने दिया, अर्बन के भी वाहन खड़ा कराए
-लाल डिग्गी, मैरिस रोड, अब्दुल्लाह, एएमयू सर्किल, कलक्ट्रेट रोड व लाल डिग्गी रोड पर नहीं दिखा कूड़ा
-आगरा रोड, मथुरा रोड, रेलवे रोड, जयगंज, सासनी गेट समेत अन्य स्थानों पर पड़ा रहा कूड़ा
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता
निजीकरण के विरोध में सफाई कर्मचारी नेताओं ने सोमवार को हड़ताल कर दी। सफाई कर्मचारियों के हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था चौपट हो गई। शहर में जगह जगह कूड़े के ढेर लगे रहे। नगर सफाई मजदूर संघ के पूर्व अध्यक्ष के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी मथुरा रोड स्थित एटूजेड के प्लांट पर पहुंच गए। जहां पर कूड़ा लेकर आए वाहनों को भीतर नहीं जाने दिया गया। वर्कशॉप से लेकर अबर्न एनवाइरोटेक कंपनी के भी वाहन नहीं संचालित हुए। इससे शहर में कूड़ा उठान नहीं हो पाया। देरशाम नगर निगम व हड़ताल करने वाले सफाई कर्मचारी नेताओं के बीच कोई समझौता नहीं हो पाया।
नगर निगम शहर के दो जोन की सफाई व्यवस्था को निजी एजेंसी सुकमा एंटरप्राइजेज को दिया है। एक जनवरी 2025 से नई व्यवस्था दो जोनों में लागू होना प्रस्तावित है। नगर सफाई मजदूर संघ के पूर्व अध्यक्ष व महामंत्री इस नई व्यवस्था के विरोध में उतर आए। पिछले 10 दिनों से अनिश्चितकालीन धरना सेवाभवन में चल रहा था। रविवार को सफाई कर्मचारी नेताओं व नगर निगम प्रशासन की वार्ता के बाद हड़ताल का फैसला लिया गया था। सोमवार को सफाई 60 फीसदी से अधिक सफाई कर्मचारी काम पर नहीं लौटे। इसका नतीजा यह रहा है कि शहर के अधिकांश हिस्से में सफाई नहीं हुई और सड़कों पर जगह जगह कूड़ा पड़ा रहा। शहर के प्रमुख बाजारों से लेकर मुख्य कूड़ा स्थलों व डलाव घरों पर कूड़ा शाम तक पड़ा रहा। नगर आयुक्त ने हड़ताल को लेकर डीएम विशाख जी से भी मुलाकात की।
एटूजेड का गेट बंद कर सफाई कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
-सफाई कर्मचारी नेताओं व सफाई कर्मचारियों ने सोमवार की सुबह एटूजेड के कूड़ा निस्तारण प्लांट पर पहुंच गए। यहां पर गेट बंद कर धरना शुरू कर दिया। वाहनों को भीतर नहीं जाने दिया और भीतर से वाहन बाहर नहीं जाने दिया। कूड़ा लेकर आने वाले वाहनों को लौटा दिया। दूसरी ओर बन्नादेवी क्षेत्र में स्थित नगर निगम के वर्कशॉप पर भी प्रदर्शन किया। वहां से भी वाहनों को नहीं निकलने दिया। कूड़ा उठान करने वाली अर्बन एनवाइरोटेक कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हो गए। 20 से 30 फीसदी कर्मचारी कंपनी के साथ रहे, लेकिन उससे व्यवस्था नहीं बन पाई। अरर्बन एनवाइरोटेक कंपनी के कूड़ा उठान करने वाले वाहन छर्रा अड्डा पुल के पास पार्किंग में ही खड़े रहे। नतीजा यह रहा है कि शहर में जगह जगह कूड़े के ढेर लगे रहे। पुराने शहर की गलियों में कूड़ा पड़ा रहा।
छर्रा अड्डा व सासनी गेट पर वाहन निकालने पर मारपीट
-सोमवार को हड़ताल के दौरान सफाई कर्मचारियों ने अर्बन एनवाइरोटेक कंपनी के चालकों व सुपरवाइजरों से मारपीट की। छर्रा अड्डा पर सुबह कंपनी के कर्मचारी कूड़ा उठान के लिए वाहन निकाल रहे थे इसी दौरान हड़ताल में शामिल सफाई कर्मचारी आ गए और उनके साथ कहासुनी की। इस दौरान एक सुपरवाइजर व चालक के साथ मारपीट कर दी गई। वाहन नहीं ले जाने दिया। वहीं सासनी गेट पर भी वाहन निकालने को लेकर नोकझोंक हुई। किसी पार्किंग से वाहन नहीं निकालने दिया।
नगर सफाई मजदूर संघ ने दिया समर्थन
-नगर सफाई मजदूर संघ के वर्तमान अध्यक्ष व महामंत्री ने निजी व्यवस्था को लेकर समर्थन दिया है। वह इस हड़ताल में शामिल नहीं हैं। अध्यक्ष राजकुमार खन्ना ने बताया कि नगर निगम ने नियमों के तहत सफाई का काम निजी एजेंसी को दिया है। हमारे किसी कर्मचारी का अहित नहीं हो रहा है। बल्कि कंपनी नए कर्मचारियों को मौका देगी। हड़ताल करने वाले केवल चुनाव को लेकर मामले को खींच रहे हैं। जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए।
इन स्थानों से नहीं निकले वाहन
छर्रा अड्डा
सारसौल
एटूजेड प्लांट
वर्कशॉप
आगरा रोड रुसा अस्पताल के पास
इन स्थानों पर रहा कूड़ा
एटूजेड प्लांट के सामने, आगरा रोड, मथुरा रोड, सासनी गेट, हाथरस अड्डा, छर्रा अड्डा, अचलताल, नौरंगाबाद, रेलवे रोड, मामू भांजा, जयगंज, ऊपरकोट, चंदनिया, विष्णुपुरी, जीवनगढ़, दोदपुर, मेडिकल रोड, क्वार्सी, जकरिया, सिविल लाइन, बरगद हाउस, आईटीआई रोड, महेंद्र नगर, सुरेंद्र नगर समेत अन्य स्थानों पर कूड़ा पड़ा रहा।
इन स्थानों पर दिखी सफाई
-अब्दुल्लाह कालेज रोड, लाल डिग्गी, एएमयू सर्किल, तस्वीर महल, जीटी रोड, कठपुला, कलक्ट्रेट रोड, रामघाट रोड आंशिक, मैरिस रोड, स्वर्णजयंती नगर समेत अन्य स्थानों पर सफाई व्यवस्था दिखाई दी।
नगर निगम टेंडर को लेकर स्पष्ट नहीं कर पा रहा
-नगर सफाई मजदूर संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप भंडारी ने कहा कि हड़ताल पूरी तरह सफल रही। किसी प्लांट से वाहन नहीं निकलने दिए। एटूजेड पर धरना दे रहे हैं और समझौता नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी। मेयर प्रशांत सिंघल ने नगर सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष व महामंत्री से वार्ता सात बिन्दुओं पर की है और उसका पत्र जारी किया गया है। लेकिन जब हमारी वार्ता नगर आयुक्त से हुई तो उन बिन्दुओं में शामिल 7.50 लाख के बीमे से अफसर मुखर गए। टेंडर को लेकर नगर निगम के अफसर स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं। गोलमोल जवाब देकर भ्रमित कर रहे हैं। हमारी मांग है कि सुपरवाइजर नगर निगम के ही रहें, पुरानी व्यवस्था के तहत ही सफाई का काम हो और टेंडर में शामिल सभी शर्तों को स्पष्ट किया जाए। जबतक नगर निगम मांगों को नहीं मानेगा हड़ताल जारी रहेगी।
बोले नगर आयुक्त
नगर सफाई मजदूर संघ के वर्तमान पदाधिकारी नगर निगम के साथ हैं। पूर्व के पदाधिकारी अनावश्यक रूप से हड़ताल कर रहे हैं। हड़ताल करने वालों के सर्किल को छोड़ दें तो बाकी कर्मचारी ड्यूटी पर आए। सफाई भी कराई गई। केवल कूड़ा उठान में परेशानी आई है। वाहनों को हड़ताल करने वालों ने निकलने नहीं दिया है। मंगलवार से वाहन कूड़ा उठान करेंगे। जिला प्रशासन के साथ इसको लेकर बैठक हो चुकी है। शहर के नागरिकों की हितों से कोई समझौता नहीं होगा। सफाई का ठेका शासनादेश के आधार पर दिया गया है। विनोद कुमार, नगर आयुक्त अलीगढ़।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।