टैबलेट से जनगणना करेंगे कर्मी, पूरी तरह से होगी डिजिटल

Jan 30, 2026 09:50 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अलीगढ़
share Share
Follow Us on

Aligarh News - जनगणना ब्लॉक गठित किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई

टैबलेट से जनगणना करेंगे कर्मी, पूरी तरह से होगी डिजिटल

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। आठवीं जनगणना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में केवल मकानों की गणना कराई जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या के साथ जातिगत आंकड़े जुटाए जाएंगे। प्रशासन ने इसके लिए मास्टर ट्रेनर व फील्ड ट्रेनरों की तैनाती कर दी है। जिला स्तर पर जनगणना ब्लॉक गठित किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जनगणना को लेकर शासन स्तर से जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में प्रभारी अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व, जिला जनगणना अधिकारी प्रमोद कुमार ने संयुक्त निदेशक को पत्र भेजकर जिले में जनगणना ब्लाक गठित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

प्रत्येक ब्लाक में औसतन साढ़े आठ सौ तक की आबादी को शामिल किया जाएगा। इससे पहले शासन के निर्देश पर जिले की सभी तहसीलों से आबाद व गैर आबाद ग्राम पंचायतों की सूची का सत्यापन कर सूचना भेजी जा चुकी है। नगर निगम, नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों से 2011 के वार्डों की सूची और आबादी का पुनरीक्षण किया जा चुका है। सभी नगरीय निकायों को वार्डवार संशोधित ब्योरा साफ्ट व हार्ड कापी में शासन में भेजा जा चुका है। प्रशासन के मुताबिक जनगणना की प्रक्रिया आधुनिक तकनीक से पूरी की जाएगी। यह पहली बार होगा जब जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी। जनगणना कर्मियों को इलेक्ट्रॉनिक टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें जियो टैगिंग की सुविधा होगी। कर्मी निर्धारित स्थान पर पहुंचकर ही आंकड़े दर्ज कर सकेंगे। इसके साथ ही आमजन को भी वेब पोर्टल के माध्यम से स्वयं जानकारी भरने का विकल्प मिलेगा। जनगणना का पहला चरण एक अप्रैल 2026 से शुरू होगा। इसमें मकानों की गिनती कराई जाएगी। दूसरा चरण एक फरवरी 2027 से शुरू होकर एक मार्च 2027 तक चलेगा। इसमें जनसंख्या, सामाजिक व जातिगत विवरण एकत्र किए जाएंगे। जनगणना में पूछे जाने वाले सवालों का गजट भी जारी कर दिया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।