
शहर में दिनभर झूलती रही बिजली आपूर्ति
संक्षेप: Aligarh News - - बिजली की आंख-मिचौनी से कई क्षेत्रों में लोग रहे परेशान, सासनीगेट, नौरंगाबाद और देहलीगेट में अधिक रही दिक्कत
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। बिजली आपूर्ति मंगलवार को दिनभर झूलती रही। ट्रिपिंग की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सुबह से लेकर देर शाम तक कई क्षेत्रों में बिजली आती-जाती रही। कहीं कुछ मिनटों के लिए तो कहीं घंटों तक आपूर्ति बाधित रही। बार-बार बिजली जाने से लोगों को न केवल असुविधा हुई, बल्कि इनवर्टर और घरेलू उपकरण भी जवाब देने लगे। कुछ क्षेत्रों में पेयजल संकट छाया रहा। सुदामापुरी, रामघाट रोड, जीवनगढ़, विद्यानगर सहित अन्य क्षेत्रों में बिजली संकट रहा। लोगों ने बताया कि सुबह से ही बिजली की आंख-मिचौनी चलती रही। ट्रिपिंग के चलते घरों में कामकाज तो प्रभावित हुआ ही, दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।

बिजली गुल होने से कुछ क्षेत्रों में ट्यूबवेल न चल सके। इससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। यहां लोगों को हैंडपंप का सहारा तलाशना पड़ा। वहीं, औद्योगिक क्षेत्रों में बार-बार ट्रिपिंग से मशीनें बंद होती रहीं, जिससे उत्पादन प्रभावित हुआ। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है। अधिकारी कारणों का पता लगाने की बात कह रहे हैं। इधर, उपभोक्ताओं का कहना है कि हर दूसरे दिन यही समस्या सामने आ रही है। बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की सख्त जरूरत है। .... सड़क पर रखा इलेक्ट्रिकल पैनल (फोटो) मानिक चौक पुलिया पहले ही कूड़े के ढेर और ट्रैफिक से प्रभावित है, अब यहां बिजली विभाग ने इलेक्ट्रिकल पैनल और रख दिया है। इससे हादसे की संभावना बढ़ गई है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि नगर निगम ने यहां कूड़ा कलेक्शन प्वाइंट बना रखा है। अक्सर ट्रैफिक की समस्या रहती है। अब इलेक्ट्रिकल पैनल भी वहीं रख दिया गया। बारिश होने या नाला ओवर फ्लो होने से हादसे की संभावना रहती है। ......... बूंद-बूंद पानी को तरसे 40 परिवार (फोटो) आगरा रोड स्थित ईएसआई अस्पताल परिसर में बने आवासों में बसे करीब 40 परिवार मंगलवार को बूंद-बूंद पानी को तरस गए। स्थानीय लोगों ने बताया पाइप लाइन एक जगह फट गई थी। इसे ठीक करने के लिए सुबह 11 बजे ठेकेदार ने मजदूरों को लगाया। दावा किया कि कुछ घंटे में पाइप लाइन ठीक कर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी। पर, रात तक एक बूंद पानी नहीं मिला। गड्ढा खोदकर डाल दिया गया। लोगों को बाजार से पानी खरीदना पड़ा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




