Aligarh News: ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली ठप, पेयजल संकट

हिन्दुस्तान, अलीगढ़
Follow us on Google News
share

Aligarh News: जट्टारी में श्री श्याम पुरुषोत्तम गौशाला के पास ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद तीन दिन से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप है। गर्मी में लोग बिजली, पानी और सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं। विभाग की उदासीनता के खिलाफ स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और नई ट्रांसफार्मर की मांग की। कर्मचारी भीषण गर्मी के कारण ट्रांसफार्मर की समस्या का जिक्र कर रहे हैं।

Aligarh News: ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली ठप, पेयजल संकट

Aligarh News: जट्टारी, संवाददाता। कस्बे के उसरह बाईपास रोड स्थित श्री श्याम पुरुषोत्तम गौशाला के निकट लगा विद्युत ट्रांसफार्मर बीते शनिवार को फुंक जाने के बाद से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। लगातार तीन दिन से बिजली न मिलने के कारण स्थानीय लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोग बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बिजली आपूर्ति बंद होने से घरों में लगे पंखे, कूलर, फ्रिज समेत सभी विद्युत उपकरण बेकार साबित हो रहे हैं। सबसे अधिक दिक्कत छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है। बिजली न होने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है, जिससे लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। रात के समय घरों में असहनीय गर्मी और उमस के कारण परिवार खुले आसमान के नीचे छतों पर रात गुजारने को मजबूर हैं।

विभाग की उदासीनता से लोगों में रोष

स्थानीय निवासियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना उसी दिन विद्युत विभाग के अधिकारियों को दे दी गई थी। ग्रामीणों ने फोन, लिखित शिकायत और विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर कई बार समस्या से अवगत कराया, लेकिन मंगलवार तक न तो ट्रांसफार्मर बदला गया और न ही कोई तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। विभाग की इस उदासीनता को लेकर लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। मंगलवार को क्षेत्रवासियों ने खराब ट्रांसफार्मर के पास एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

भीषण गर्मी के चलते बड़ी संख्या में फुंक रहे ट्रांसफार्मर

वहीं विद्युत विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण जिले में बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं सामने आई हैं। नए ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता में देरी होने से समस्या का समाधान प्रभावित हुआ है। विभाग के अनुसार बुधवार शाम तक नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने और बिजली आपूर्ति बहाल होने की पूरी संभावना है। प्रदर्शन के दौरान अंकुल चौधरी, सुरेश अग्रवाल, देवेन्द्र सिंह, सुखवीर सिंह, संजय, भोपाल सिंह, अमित चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

FAQs

किस कारण से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हुई है?
क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण ठप हुई है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।