
33 केवी लाइन फेल, कई फीडर घंटों ठप
Aligarh News - - बदले मौसम में बिजली व्यवस्था ध्वस्त, बुधवार को भी शहर अंधेरे में, बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से बढ़ी परेशानी
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। मंगलवार को दिनभर बिगड़े मौसम का असर बुधवार को भी बिजली व्यवस्था पर साफ दिखाई दिया। शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह से ही लोगों को अंधेरे और बिना बिजली के कामकाज निपटाने को मजबूर होना पड़ा। डी सेंटर फीडर नगला मसानी की 33 केवी लाइन मंगलवार को फेल हो गई थी, जिसका असर बुधवार तक बना रहा। इस फीडर से जुड़े इलाकों में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं बौनेर फीडर मंगलवार रात से ही बंद रहा, जिससे सुबह तक लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा।
सुबह के समय बिजली न होने से पानी की सप्लाई, मोबाइल चार्जिंग और घरेलू कार्यों में भारी दिक्कतें आईं। हनुमानपुरी फीडर की बिजली बार-बार ट्रिप मारती रही, जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई। पला साहिबाबाद बरी चौक क्षेत्र में एक फेस न आने से आधी बिजली पर काम चलता रहा। प्रतिभा कॉलोनी में घंटों बिजली गायब रही, जबकि पंचनगरी इलाके में लो वोल्टेज की समस्या से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सही ढंग से नहीं चल पाए। अवंतिका फेस-1 में बुधवार को भी सुबह से ही बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके अलावा महेंद्र नगर, हनुमानपुरी, मित्र नगर, अशोक नगर, हजीरा, सुदामापुरी, मानसरोवर सहित कई क्षेत्रों में भी बिजली संकट बना रहा। लगातार हो रही कटौती और तकनीकी फॉल्ट से उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि मौसम खराब होते ही बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। बिजली विभाग के अनुसार, मौसम के कारण लाइनों और फीडरों में फॉल्ट आए हैं, जिन्हें दुरुस्त करने के लिए टीमें लगाई गई हैं। मरम्मत कार्य के बाद धीरे-धीरे आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




