Hindi NewsUttar-pradesh NewsAligarh NewsPolice Investigates LPG Cylinder Incident on Delhi-Howrah Track in Aligarh
ट्रेन से सिलेंडर फेंके जाने की आशंका, खंगाले जा रहे सीसीटीवी

ट्रेन से सिलेंडर फेंके जाने की आशंका, खंगाले जा रहे सीसीटीवी

संक्षेप:

Aligarh News - रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला था खाली सिलेंडर, बन्नादेवी थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा हुआ था दर्ज, जांच कर रही पुलिस

Nov 17, 2025 10:37 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अलीगढ़
share Share
Follow Us on

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। बन्नादेवी थाना क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा ट्रैक के किनारे एलपीजी सिलेंडर फेंकने या रखने वाले आरोपी की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। संभावित रूट के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं, जिसमें अभी तक कोई संदिग्ध नजर नहीं आया है। इससे ये माना जा रहा है कि ट्रेन में से ही किसी यात्री ने चेकिंग के डर से सिलेंडर को फेंका होगा। हालांकि इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है। इससे भी इन्कार नहीं किया जा सकता है। इसके लिए पुलिस तह तक जाने में जुटी है। रविवार सुबह मालगोदाम के पास सिलेंडर पड़ा था। मामले में उत्तर मध्य रेलवे अलीगढ़ जंक्शन के वरिष्ठ खंड अभियंता रेलपथ मानव कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसमें कहा कि अलीगढ़-महरावल के मध्य पेट्रोल मैन ड्यूटी पर था। सुबह 05:20 बजे ट्रेन (12225) के चालक ने पेट्रोल मैन को बताया कि पीछे एक सिलेंडर पड़ा हुआ है। पेट्रोल मैन ने चेक किया तो पता चला कि वहां पहले से एक गाड़ी (12303) खड़ी हुई थी। इसके ड्राइवर ने एक छोटा व खाली गैस सिलेंडर को अप व डाउन लाइन के मध्य से उठाकर पेट्रोल मैन को दे दिया। घटना के बाद आरपीएफ के अलावा बन्नादेवी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास एक किलोमीटर के दायरे में लोगों से पूछताछ की गई। लेकिन, कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने संभावित रूट के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, मगर यहां भी कुछ नजर नहीं आया? सीओ द्वितीय कमलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यही लग रहा है कि सिलेंडर को ट्रेन में से ही किसी ने फेंका होगा। आरोपी की तलाश में टीमें लगी हुई हैं। सीसीटीवी कैमरे भी देखे जा रहे हैं। घटना के बाद उठ रहे सवाल : - क्या घटना वाले दिन वहां से गुजरी ट्रेनों में चेकिंग हुई थी? - तो क्या चलती ट्रेन से सिलेंडर फेंका गया था? - क्या सिलेंडर को फेंकने के दौरान यात्री को किसी ने नहीं देखा? - सिलेंडर फेंकने के दौरान क्या किसी ने कोई आवाज नहीं सुनी? - घटना के बाद क्या कदम उठाए गए, ताकि भविष्य में ऐसा न हो? सिलेंडर फेंकने के पीछे कोई साजिश तो नहीं... पुलिस के अनुसार अक्सर मजदूर चेकिंग के डर से सामान फेंक देते हैं। इस घटना के पीछे भी यही कारण हो सकता है। लेकिन, जब तक वह मजदूर सामने नहीं आता, तब तक कुछ भी कहना जल्दबाजी हो सकती है। ये भी संभावना जताई जा रही है कि कहीं किसी ने साजिश के तहत तो मजदूर से सिलेंडर नहीं फिंकवाया?