25 हजार का इनामी गोकश मुठभेड़ में दबोचा
25 हजार का इनामी गोकश मुठभेड़ में दबोचा n एक साथी मौका पाकर फरार, आरोपी

25 हजार का इनामी गोकश मुठभेड़ में दबोचा n एक साथी मौका पाकर फरार, आरोपी के कब्जे से बाइक, तमंचा बरामद
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। जवां थाना पुलिस और क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गोकश फरमान निवासी शाहजमाल, रोरावर को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। आरोपी के कब्जे से एक होंडा शाइन बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
मुकदमे की जानकारी
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि पिछले साल 20 सितंबर 2025 को क्वार्सी थाना क्षेत्र के नगला पटवारी में गोवंश के अवशेष मिले थे। घटना वाले दिन ही एसएसपी नीरज जादौन ने कार्यभार संभाला था और बजरंग दल नेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में कई आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं, जबकि फरमान फरार चल रहा था।दिसंबर 2025 में कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद एसएसपी ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी जवां के सीडीएफ चौकी क्षेत्र में किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। घेराबंदी करने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में वह दबोचा गया। आरोपी पर 2022 में भी रोरावर थाने में गोकशी का मुकदमा दर्ज है।


