हुनर से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगी बेटियां: कमिश्नर
हरदुआगंज में बिट ग्रुप ऑफ एजूकेशन द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत एक नया प्रशिक्षण केंद्र खोला गया। कमिश्नर संगीता सिंह ने उद्घाटन करते हुए कहा कि ऐसे केंद्र ग्रामीण बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

अलीगढ़। वरिष्ठ संवाददाता। ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बिट ग्रुप ऑफ एजूकेशन (बिटी) द्वारा हरदुआगंज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत नए प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन कमिश्नर संगीता सिंह ने फीता काटकर किया। कमिश्नर ने केंद्र में स्थापित आधुनिक कंप्यूटर लैब तथा डीडीयूजीके वाई केंद्र के प्रशिक्षण कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन रहे हैं। छात्राओं को संबोधित करते हुए कमिश्नर ने कहा कि नारी शक्ति हर युग में समाज की प्रेरणा रही है।
आज की बेटियां केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा और कौशल के बल पर हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज दोनों बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बेटियों को चाहिए कि वे उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करें। उन्होंने छात्राओं से “खूब पढ़ो, खूब बढ़ो और आत्मनिर्भर बनो” का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि एवं ऊर्जा विभाग के मुख्य अभियंता अरविंद नायक ने कहा कि बेटियां किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति होती हैं। उन्होंने कहा कि जब बेटियां शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती हैं तो पूरा परिवार और समाज प्रगति करता है। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपने कौशल का विकास करने के लिए प्रेरित किया। भाजपा जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार महिलाओं और बेटियों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। इस दौरान अधिशासी अभियंता राहुल कटियार, बिट ग्रुप ऑफ एजूकेशन के प्रबंध निदेशक मनीष शर्मा, निदेशिका रूचि शर्मा, संजय जादौन,अरविंद पंडित, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अवध सिंह बघेल, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रशांत शर्मा, मधु आंधीवाल, प्रदीप गौड़, प्रमोद शर्मा आदि मौजूद थे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


