जनपद में जुमा-अलविदा पर उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़, मांगी दुआ

Mar 14, 2026 01:53 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अलीगढ़
share

Aligarh News - अलीगढ़ में रमजान के आखिरी जुमे 'जुमा-अल-विदा' पर मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्रित हुए। उन्होंने अमन-चैन और भाईचारे की दुआ की। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे को मुबारकबाद देते नजर आए।

जनपद में जुमा-अलविदा पर उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़, मांगी दुआ

अलीगढ़, कार्यालय संवाददाता। जनपद में रमजान माह के अंतिम जुमे को मस्जिदों में जुमा-अल-विदा की नमाज अता की गई। इस दौरान अकीदतमंदों ने देश और दुनिया के लिए अमन-ओ-चैन की दुआा की। बरला में रमजान के आखिरी जुमे यानी 'जुमा-अल-विदा' के मौके पर बरला क्षेत्र के दतावली स्थित मस्जिद में अकीदतमंदों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस विशेष दिन पर बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने मस्जिद में एकत्रित होकर खुदा की इबादत की। ​जुमा-अल-विदा की नमाज के दौरान पूरी मस्जिद परिसर नमाजियों से खचाखच भरा रहा। नमाजियों ने मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगीं। रमजान के अंतिम दौर में इबादत का यह दिन विशेष महत्व रखता है।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी।अतरौली में रमजान माह के चलते आखिरी जुमे पर मुस्लिम समाज के लोगों ने मस्जिदों में जाकर दोपहर को नमाज अदा की। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी चौकसी बनायी रखी। नगर के पक्कीगढ़ी मोहल्ला स्थितकिले वाली मस्जिद पर एसडीएम सुमित सिंह व पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। नमाज समाप्त होने के बाद अधिकारी मस्जिद से हटे। नगर पालिका ने करायी विशेष सफाई व्यवस्था: नगर पालिका परिषद के चेयरमैन वीरेन्द्र सिंह लोधी के निर्देश पर पूरे नगर की मस्जिदों के आस पास सफाई करायी गयी। सफाई कर्मियों ने सुबह से ही पूरे नगर में सफाई अभियान चलाया। नगर की अन्य मस्जिदों पर भी नमाज करायी गयी।पिसावा में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। पिसावा में हाफिज मोहम्मद असहाब द्वारा नमाज अदा कराई गई। जहां गांव रकराना, जलोखरी, डेटा खुर्द, जलालपुर आदि गांवों के लोगों ने पहुंच नमाज अदा की। गांव कारह कादिलपुर की मस्जिद में नमाज अदा कराई गई। जहां शादीपुर, भोजाका, बसेरा आदि गांवों के लोगों ने पहुंच नमाज अदा की। इसके अलावा बालनपुर, सहजपुरा, महगौरा, मढाहबीवपुर आदि गांवों में भी मौलवियों ने नमाज अदा कराते हुए सभी के लिए अमन-चैन की दुआएं मांगी। सभी मस्जिदों पर पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस ने मानक के अनुरूप लाउडस्पीकरों की आवाज रखते हुए नमाज अदा कराई गई। इस मौके पर इकबाल खां, खान मोहम्मद, हैदर अली आदि थे ।अकराबाद में शांतिपूर्ण माहौल में हुई जुमे की नमाजअकराबाद। कस्बा और आसपास के क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय ने रमजान के चौथे जुमे को अलविदा जुमा के रूप में मनाते हुए विशेष नमाज अदा की। नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। अकराबाद के अलावा कौड़ियागंज़, पिलखना, नानऊ और मिर्जा चांदपुर सहित विभिन्न गांवों और कस्बों की मस्जिदों में भी अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। इस मौके पर हाफिज अनवर हुसैन, एजाज हुसैन, बाबू खां, हाजी कल्लू, मो नौशेह, मो शाकिर और हाजी शमशाद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।चंडौस में मस्जिदों में नमाजियों की भीड़चण्डौस, संवाददाता। रमजान माह के आखिरी शुक्रवार जुमा अलविदा के मौके पर कस्बा चण्डौस सहित आसपास के क्षेत्रों की मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही लोग मस्जिदों की ओर रुख करते दिखाई दिए।जामा और मदीना मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई, जहां इमामों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की की दुआ कराई। नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मस्जिदों में पहुंचे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर रमजान के आखिरी जुमे की मुबारकबाद दी।शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा और कोतवाल चण्डौस सत्यवीर सिंह ने लगातार क्षेत्र में गश्त कर स्थिति का जायजा लिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।