
कबाड़ के गोदाम में भीषण आग से सब खाक
Aligarh News - शुक्रवार को अकराबाद में एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई, जिसमें 18 से 20 लाख रुपये का कबाड़ जलकर खाक हो गया। गोदाम स्वामी कलीम खां ने बताया कि आग तेजी से फैली, जिससे स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। दमकल की गाड़ियों की देरी पर लोगों ने नाराजगी जताई।
18-20 लाख का कबाड़ जलकर खाक, दमकल की देरी पर फिर उठे सवाल, दो घंटे मशक्कत के बाद पाया काबू अकराबाद, संवाददाता। शुक्रवार दोपहर नेशनल हाईवे पर कोतवाली के निकट स्थित एक कबाड़ के बड़े गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करीब 18 से 20 लाख रुपये का कबाड़ का सामान जलकर खाक हो गया। गोदाम स्वामी कलीम खां पुत्र सलीम खां, जो पिछले पांच-छह वर्षों से कबाड़ का व्यापार कर रहे हैं, ने बताया कि शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा करने के बाद जब वे गोदाम पर लौटे, तभी गोदाम के पीछे के हिस्से से आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
गोदाम में कागज, गत्ता, प्लास्टिक और लोहे का सामान भरा होने से आग तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम धू-धू कर जल उठा। हाईवे पर उठते धुएं के गुबार को देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सैकड़ों लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। सूचना पर अलीगढ़ से चार और सिकंदराराऊ से एक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर सीओ बरला गर्वित सिंह, नायब तहसीलदार कोल सहित स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा। दमकल विभाग की लेटलतीफी पर लोगों में नाराजगी स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समय पर फायर ब्रिगेड पहुंचती तो बड़े नुकसान से बचा जा सकता था। फिलहाल पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अकराबाद में फायर ब्रिगेड की गाड़ी का रहना अत्यंत आवश्यक है जिससे किसी अनहोनी को समय रहते काबू किया जा सके जिससे जान माल की हानि कम से कम हो। गोदाम से करीब 50 मीटर दूरी पर भारत पेट्रोलियम और सीएनजी पंप है। कुल पांच दमकलें और दो दर्जन से अधिक दमकलकर्मी लगाए गए। यदि आग कुछ और मिनटों तक बढ़ती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। मुकेश कुमार, चीफ फायर सर्विस अधिकारी आग की सूचना समय से दे दी गई थी, लेकिन दमकल गाड़ियां देर से पहुंचीं। गोपी फ्लाई ओवर पर दो गाड़ियों की भिड़ंत में पांच लोग जिंदा जले थे, तब भी सूचना देने के बावजूद दमकल करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची थी। प्रदीप यादव, अकराबाद यह कोई पहला मौका नहीं है। कौड़ियागंज में टेंट के गोदाम में लगी आग में भी दमकल की टीम करीब दो घंटे की देरी से पहुंची थी, जिससे टेंट का लगभग 85 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया था। दीपांशु वार्ष्णेय, कौड़ियागंज

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




