ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश अलीगढ़कहीं न कहीं हुई चूक, कमी से हारे मेयर सीट: महेन्द्र नाथ पांडेय

कहीं न कहीं हुई चूक, कमी से हारे मेयर सीट: महेन्द्र नाथ पांडेय

मेयर सीट पर भाजपा को मिली हार संगठनात्मक स्तर पर हुई चूक का नतीजा है। हार दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे अभियान में कहीं न कहीं चूक हुई, कमी रही। हार का आंतरिक विश्लेषण किया जा रहा...

कहीं न कहीं हुई चूक, कमी से हारे मेयर सीट: महेन्द्र नाथ पांडेय
हिन्दुस्तान टीम,अलीगढ़Sun, 21 Jan 2018 09:34 PM
ऐप पर पढ़ें

मेयर सीट पर भाजपा को मिली हार संगठनात्मक स्तर पर हुई चूक का नतीजा है। हार दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे अभियान में कहीं न कहीं चूक हुई, कमी रही। हार का आंतरिक विश्लेषण किया जा रहा है। यह बातें रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय ने रामघाट रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में पत्रकारवार्ता के दौरान कहीं।

निकाय चुनाव के बाद पहली बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय अलीगढ़ आए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 16 में से 14 नगर निगमों पर भाजपा ने जीत का परचम फहराया। यह जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता को दर्शाता है। मेरठ और अलीगढ़ में हुई हार दुर्भाग्यपूर्ण है। इसका अफसोस है। चुनाव में हार-जीत दो पहलू होते हैं। इससे निराश नहीं होना चाहिए। हार क्यों हुई, इसकी समीक्षा की जा रही है, लेकिन हार अभियान में चूक का ही नतीजा है। जिस तरह जीत के नायकों का सम्मान किया जाता है। उसी तरह हार के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों को चिन्हित किया जाना सतत प्रक्रिया है। जल्द ही इस पर पार्टी मंथन कर कार्रवाई करेगी।

स्थानीय स्तर पर सरकारी मशीनरी द्वारा पार्टी पदाधिकारियों को तवज्जो न दिए जाने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दों को प्रशासनिक मशीनरी को सुनना पड़ेगा। अगर ऐसा नहीं हो रहा है तो हमारे सांसद, विधायकों को पता है कि क्या करना है। वैसे भी तमाम अधिकारी 15 वर्ष की भ्रष्ट संस्कृति में से निकलकर आए हैं। सड़ी-गली व्यवस्था में रहे अफसर अभी भी पूरी तरह से ईमानदार नहीं हैं। हालांकि, नौ महीने की हमारी सरकार ने ऐसे अफसरों को काफी हद तक सुधारा है। जिसका परिणाम जनता को देखने को मिल रहा है। इस दौरान ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष बीएल वर्मा, जिला प्रभारी रजनीकांत माहेश्वरी, सांसद सतीश गौतम, शहर विधायक संजीव राजा, बरौली विधायक दलवीर सिंह, खैर विधायक अनूप वाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह नीटू, पूर्व कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, जिलाध्यक्ष देवराज सिंह, महानगर अध्यक्ष डॉ. विवेक सारस्वत आदि मौजूद थे।

तालानगरी की टूटी सड़क का मुद्दा सीएम तक पहुंचाएंगे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह जब अतरौली गए थे तो रास्ते में एक सड़क काफी खराब स्थिति में मिली। स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया है कि सड़क का निर्माण अब तक नहीं कराया गया है। सड़क के संबंध में पूरी जानकारी लेकर सीएम और डिप्टी सीएम के संज्ञान में लाया जाएगा।

सपा ने अपनों पर दर्ज हुए मुकदमे वापस कराए थे

एक सवाल के जवाब में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तरप्रदेश में राजनीतिक विद्वेष में कई मुकदमे दर्ज किए गए थे। चाहें वह किसी भी राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों पर हों। हमारी सरकार वो नहीं जिस तरह सपा ने अपनों पर लगे मुकदमों को हटाने का काम किया था।

21वीं सदी में 18 वर्ष पूरे करने वाले वोटरों को जोड़ने का चलेगा अभियान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी द्वारा युवा उद्घोष कार्यक्रम की शुरुआत बनारस से कर दी गई है। इस वर्ष 21वीं सदी में 18 वर्ष पूर्ण कर पहली बार वोट डालने का अधिकार युवाओं को मिलेगा। ऐसे युवा जो गैर राजनीतिक हैं। जो सक्रिय राजनीति से दूर हैं। उन्हें जोड़ा जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें