Aligarh News: रंगदारी वसूलने को कपड़ा कारोबारी पर की फायरिंग
Aligarh News: 30 अगस्त की रात हरदुआगंज में एक प्रमुख कपड़ा व्यापारी पर जानलेवा हमले और रंगदारी मांगने के आरोपी शातिर अपराधी उत्तम ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। व्यापारी ने 8:30 बजे पुलिस को बताया कि आरोपी ने उन पर फायरिंग की थी। पुलिस ने आरोपी को अवैध हथियार के साथ पकड़ा और जेल भेज दिया।

Aligarh News: 30 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे की हुई घटना हरदुआगंज, संवाददाता। स्थानीय पुलिस ने कस्बा के एक प्रमुख कपड़ा व्यापारी पर जानलेवा हमला करने और रंगदारी मांगने के आरोपी शातिर अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
व्यापारी की शिकायत
कस्बा के मोहल्ला जहांगीराबाद निवासी कपड़ा व्यापारी सोमिल जैन पुत्र प्रदीप कुमार जैन ने पुलिस को बताया कि जवाहर चौक के पास उनकी 'जैन वस्त्रलोक एवं रेडीमेड गारमेंट्स' नाम से दुकान है। बीती 30 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे, गांव दाऊदपुर निवासी उत्तम ठाकुर ने जान से मारने की नीयत से उन पर फायर झोंक दिया, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। आरोपी उत्तम ठाकुर, जो कथित तौर पर 'एके-47 ग्रुप' का सदस्य है, व्यापारी और उनके परिवार को लगातार धमकी देकर रुपयों (रंगदारी) की मांग कर रहा था। इससे पहले 13 जून 2026 को भी वह व्यापारी और उनके बेटे पर गोली चला चुका था, जिसका मुकदमा थाने में दर्ज है। वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए सीओ अतरौली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। मुख्य आरोपी उत्तम ठाकुर को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
तीन अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशीष कुमार, रोहित कुमार, सिपाही शुभम कुमार और आयुष चौधरी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त उत्तम ठाकुर पुत्र सुक्खा उर्फ हेम सिंह, उम्र 19 वर्ष को आजाद नगर तिराहे के पास से दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है, जिसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों-दिनेश उर्फ काली, देव शर्मा और आकाश उर्फ ढोलू के नामों का खुलासा किया है। पुलिस ने तीनों फरार सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी हैं।


