महिला अधिवक्ता व भाई ने हड़पे 15 लाख रुपये
Aligarh News - उधार लिए गए पंद्रह लाख रुपये हड़पने और दबाव बनाने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज कराने के आरोप में एक महिला अधिवक्ता और उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी ने चेक बाउंस करवा दिया और समझौते के लिए दबाव डाला।

खैर, संवाददाता। उधार लिए गए पंद्रह लाख रुपये हड़पने और दबाव बनाने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज कराने के आरोप में एसएसपी के आदेश पर एक महिला अधिवक्ता और उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सोफा चौकी क्षेत्र के गांव खेड़ा दयालनगर निवासी सुनील कुमार पुत्र राजेन्द्र सिंह के अनुसार, गांव के ही मनोज कुमार ने 5 मार्च 2025 को प्लॉट खरीदने के लिए उससे पंद्रह लाख रुपये उधार लिए थे। सुरक्षा के तौर पर मनोज ने पंद्रह लाख रुपये का एक चेक दिया था। तय समय पर रुपये वापस न करने के बावजूद आरोपी ने उक्त चेक बैंक में लगवा दिया।
बैंक से जानकारी करने पर पता चला कि मनोज ने अपना खाता पहले ही बंद करा दिया था। आरोप है कि इसके बाद मनोज की बहन, जो पेशे से अधिवक्ता है, ने सुनील को अपने घर बुलाकर गाली-गलौज की और मात्र एक लाख रुपये में समझौता करने का दबाव बनाया। मना करने पर छेड़खानी सहित अन्य धाराओं में झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई। इसी दौरान महिला अधिवक्ता द्वारा बातचीत का वीडियो भी साक्ष्य के तौर पर बना लिया गया। पीड़ित का कहना है कि दबाव बनाने और पंद्रह लाख रुपये हड़पने के उद्देश्य से 29 अक्टूबर को नामजदों द्वारा उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने साक्ष्यों सहित एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया था। एसएसपी के आदेश पर मनोज कुमार वशिष्ठ और अधिवक्ता राजबाला शर्मा निवासी खेड़ा दयालनगर के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट, धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक हरिभान सिंह राठौड़ ने सोफा चौकी प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ को विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


