
कोविड खरीद घोटाले में एजेंसियों से होगी रिकवरी
Aligarh News - - दीनदयाल अस्पताल में हुई थी उपकरणों की खरीद, अनियमित भुगतान के मामले में शासन में शिकायत
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। कोविड महामारी के दौरान दीनदयाल अस्पताल में उपकरणों और अन्य मदों की खरीद में सामने आए 81.45 लाख रुपये के कथित घोटाले की जांच अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। लंबे समय से दफ्तर-दर-दफ्तर घूम रही फाइलों के बाद अब अनियमित भुगतान पाने वाली एजेंसियों से रिकवरी की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए एक समिति गठित की जा रही है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर जिम्मेदारी तय करने के साथ वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। शासन में की गई शिकायत के बाद यह मामला जांच के दायरे में आया था, लेकिन शासन से डीएम, डीएम कार्यालय से एडी हेल्थ, फिर एडीएम (वित्त) और अंततः सीएमओ तक पहुंचते-पहुंचते जांच की रफ्तार सुस्त पड़ गई।
न नोडल अधिकारी तय हुआ, न समय-सीमा, जिससे कार्रवाई ठंडे बस्ते में जाती रही। ऑडिट रिपोर्ट में भुगतान प्रक्रिया, दरों और आपूर्ति से जुड़े बिंदुओं पर वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिलने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी। कोविड जैसे आपदा काल में की गई खरीद को लेकर पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव अब सवालों के घेरे में है। अब सीएमओ स्तर पर मामले की समीक्षा के बाद एजेंसियों से रिकवरी का निर्णय लिया गया है। सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने बताया कि एक समिति गठित की जा रही है, जो दस्तावेजों की जांच, भुगतान की पुष्टि और अनियमितताओं की पहचान करेगी। समिति की संस्तुति के आधार पर जिन एजेंसियों को अनियमित भुगतान हुआ है, उनसे रिकवरी की जाएगी। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, समिति एजेंसियों से स्पष्टीकरण लेने के साथ-साथ खरीद प्रक्रिया में शामिल लोगों की भूमिका भी जांचेगी। माना जा रहा है कि यदि यह कार्रवाई समयबद्ध और निष्पक्ष रही तो न सिर्फ 81.45 लाख रुपये के प्रकरण में स्थिति स्पष्ट होगी, बल्कि भविष्य में आपदा काल की खरीद प्रक्रियाओं पर भरोसा भी बहाल हो सकेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




