
दीपावली पर रोडवेज चालक-परिचालकों को मिलेगा प्रोत्साहन
Aligarh News - वर्कशॉप में काम करने वाले कर्मचारियों को भी मिलेगा प्रोत्साहन, 200 बसें अतिरिक्त लगाई गईं त्योहार की भीड़ को देखते हुए
अलीगढ़, कार्यालय संवाददाता। दीपावली पर बिना छुट्टी के ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालकों को परिवहन निगम की ओर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही लोड फैक्टर के हिसाब से बसों को संचालित किया जाएगा। आरएम सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्यालय स्तर से लगातार त्योहारों को देखते हुए चालक-परिचालकों की 18 अक्तूबर से 30 अक्तूबर तक नियमित 13 दिन की ड्यूटी लगाई गई है। इंसेंटिव स्कीम के तहत जो कर्मचारी 12 दिन की लगातार ड्यूटी करते हुए 300 किमी. प्रति दिन के औसत से 3600 किलो मीटर पूरे करेंगे, उन्हें 4800 रुपये व जो 13 दिन की अवधि में उपस्थित होकर 3900 किलो मीटर पूरे करेंगे उन्हें 5850 रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा इससे अधिक किलो मीटर पर 55 पैसे प्रति किलो मीटर के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। इसमें जो किलो मीटर का हिसाब चालक-परिचालक का रहता है वह बना रहेगा। इसके साथ वर्कशॉप पर जो भी कर्मचारी पर्व पर प्रतिदिन आएंगे उन्हें एक मुश्त 2500 रुपये का प्रोत्साहन व 12 दिन की ड्यूटी करने पर 2100 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। 200 बसें अतिरिक्त लगाई गईं आरएम ने बताया कि अलीगढ़ में वर्तमान में 367 बसें संचालित हैं। त्योहारी सीजन को देखते हुए 200 बसें अतिरिक्त लगाई गई हैं। इन बसों को दिल्ली से आगरा, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कानपुर, लखनऊ के व अलीगढ़ से आगरा, मथुरा के लिए लगाया गया है। इसके अलावा जहां भी लोड फैक्टर अधिक आता है, वहां पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




