Aligarh News: खनन माफिया ने किया पुलिस को कुचलने का प्रयास, चार गिरफ्तार
Aligarh News: इगलास क्षेत्र में एक अवैध मिट्टी खनन माफिया ने पुलिस टीम को डंपर से कुचलने का प्रयास किया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के समय पुलिस टीम ने गोंडा रोड पर वाहन चेकिंग की थी।

Aligarh News: इगलास, अलीगढ़। संवाददाता। इगलास क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन कर रहे माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने पुलिस टीम को ही डंपर से कुचलने का प्रयास किया। पुलिस ने जान पर खेलकर चार आरोपियों को डंपर और दो बाइकों समेत पकड़ लिया, जबकि स्विफ्ट कार सवार दो लोग फरार हो गए। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इगलास थाने के एसआई गंगाराम गंगवार ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसके अनुसार मंगलवार देररात करीब तीन बजे क्षेत्राधिकारी इगलास को सूचना मिली कि अवैध मिट्टी खनन करने वाले लोग डंपर, जेसीबी, चार पहिया वाहनों और मोटरसाइकिलों के जरिए गोंडा रोड की ओर आ रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने गोंडा रोड स्थित पथवारी मंदिर के पास चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सामने से जेसीबी, डंपर, चार पहिया वाहन और दो मोटरसाइकिलें आती दिखाई दीं। पुलिस द्वारा वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने कथित रूप से एक-दूसरे को उकसाते हुए पुलिसकर्मियों को वाहन से कुचलने की बात कही और जान से मारने की नीयत से वाहन पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ा दिए। पुलिस ने पीछा कर डंपर (UP81सीटी5087) को पथवारी मंदिर के पास रोक लिया। डंपर से चालक प्रवीन पुत्र रामवीर सिंह निवासी बाजगढ़ी, थाना इगलास तथा सहचालक मोहित कुमार पुत्र ओमवीर सिंह निवासी बाजगढ़ी को पकड़ा गया। इसके अलावा टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल (यूपी81सीई8858) के चालक पंकज चौधरी पुत्र मानसिंह निवासी गांव करथला और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूपी81 डीजे 5707) के चालक जितेंद्र सिंह पुत्र कुलवीर सिंह निवासी भूरंगा, थाना इगलास को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं, स्विफ्ट कार के चालक चंद्रेश तथा उसके साथ मौजूद व्यक्ति मौके से फरार हो गए। गिरफ्तारी के बाद डंपर व दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।


