वन विभाग की जमीन पर दोबारा कब्जा, फसल काटी
Aligarh News - अकराबाद के गांव लधौआ में सरकारी वन भूमि पर अवैध कब्जा बढ़ गया है। पूर्व में हटाए गए कब्जे पर फिर से अतिक्रमण कर कंबाइन मशीन से गेहूं की कटाई की जा रही है। संबंधित विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे प्रशासनिक उदासीनता साफ होती है। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की है।

अकराबाद। ब्लॉक के गांव लधौआ में सरकारी वन भूमि पर अवैध कब्जे का मामला और गंभीर हो गया है। जिस जमीन से पूर्व में कब्जा हटाया गया था, उसी पर दोबारा अतिक्रमण कर अब कंबाइन मशीन से गेहूं की फसल की कटाई की जा रही है। पूरे घटनाक्रम के दौरान संबंधित विभाग की टीम का मौके पर न पहुंचना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। गांव निवासी मानवेंद्र सिंह ने तहसील दिवस में शिकायत कर बताया था कि बलवीर सिंह द्वारा वन विभाग की गाटा संख्या 969 (3.1330 हेक्टेयर) और 970 (19.3820 हेक्टेयर) पर अवैध रूप से फसल बोई गई है। एसडीएम कोल के निर्देश पर राजस्व विभाग की जांच में कब्जे की पुष्टि भी हो चुकी है और रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा चुकी है।
इसके बावजूद सोमवार को दिनदहाड़े कंबाइन मशीन लगाकर खेतों में खड़ी फसल काटी जाती रही। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मानवेंद्र सिंह का कहना है कि क्षेत्रीय वनाधिकारी गौरव सिंह को सूचना देने के बाद भी वन विभाग या प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे कब्जाधारियों के हौसले बुलंद नजर आए। इस पूरे प्रकरण ने प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणो का कहना है कि जब पहले कब्जा हटाया जा चुका था, तो दोबारा अतिक्रमण कैसे हुआ और जांच रिपोर्ट के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


