शराब के लिए पैसे न देने पर पत्नी की फावड़े से काटकर हत्या
जवां थाना क्षेत्र के गांव रामपुर की घटना, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, शराब के नशे में आएदिन विवाद करता था आरोपी, इसी को लेकर हुआ विवाद

अलीगढ़ (जवां) संवाददाता। जवां क्षेत्र के गांव रामपुर में बुधवार देररात शराब के लिए रुपये न देने पर पति ने अपनी पत्नी की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसे पुलिस ने चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया। जवां क्षेत्र के गांव रामपुर निवासी कमल सिंह पुत्र पीतांबर सिंह की शादी करीब 25 साल पहले मडराक क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय नीलम देवी से हुई थी। नीलम की बड़ी बहन सावित्री देवी की शादी भी कमल के भाई से हुई है। पुलिस के अनुसार कमल शराब पीने का आदी था। नीलम मजदूरी करके बच्चों का पालन पोषण कर रही थी। जबकि कमल कोई काम भी नहीं करता था। इसे लेकर दोनों में आएदिन झगड़ा होता था। सावित्री के अनुसार बुधवार रात करीब 11 बजे कमल ने नीलम से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। इन्कार करने पर दोनों में विवाद हुआ। इसी दौरान कमल ने घर में रखे फावड़े से उसके सिर में दो प्रहार किए। घटना के दौरान भी आरोपी नशे में था। शोर सुनकर सावित्री मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। उधर, सावित्री के बेटे आकाश नीलम को लेकर जवां सीएचसी पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर जवां थाना प्रभारी धीरज कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम हुआ, जिसमें सिर में चोट से मौत होना पाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है。
आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर उठाए सवाल :
नीलम देवी पर पांच बच्चे हैं, जिसमें तीन बेटे व दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा बाहर रहकर नौकरी कर रहा है। सावित्री की तहरीर पर पुलिस ने कमल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। गुरुवार तड़के करीब चार बजे पुलिस ने कमल को रामपुर बंबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाए। बताया कि पत्नी आएदिन दारू पीती थी। मेरी बात नहीं मानती थी और परेशान करती थी, इसलिए उसे रास्ते से हटा दिया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


