ताला हार्डवेयर इंडस्ट्री को 500 करोड़ का झटका
Aligarh News - ईरान और अमेरिका के बीच जंग ने छीनी ईद के व्यापार की रौनक, दुबई, यूएई, ओमान, कतर को जानी थी करोड़ों की खेप

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। खाड़ी देशों में जंग की गर्माहट से ताला-हार्डवेयर कारोबार झुलस रहा है। मुंबई की फ्रेट कंपनियों ने हवाई व जल मार्ग से बुकिंग गल्फ देशों के लिए बंद कर दिया है। समुद्र के साथ हवाई मार्ग के साथ माल का आदान प्रदान थम गया है। कंटेनर की बुकिंग नहीं होने से निर्यातकों से लेकर घरेलू कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्यातक जिन वेंडरों से सामान तैयार कराते थे उस पर रोक लगा दी है। हालात सामान्य होने का निर्यातक इंतजार कर रहे हैं। मीट, ताला, हार्डवेयर, आर्टवेयर, फिटिंग उत्पाद समेत अन्य तरह का एक्सपोर्ट प्रभावित होने से 500 करोड़ रुपये के कारोबार को झटका लगा है।
अलीगढ़ से गल्फ कंट्री को बड़े पैमाने पर हार्डवेयर का निर्यात होता है। लेकिन इजरायल, अमेरिका द्वारा ईरान पर हमला करने के बाद खाड़ी देशों में हालात बिगड़ गए। जवाब कार्रवाई में ईरान दुबई के विभिन्न राज्यों में मिसाइल दाग रहा है। इसको लेकर मिडिल ईस्ट देशों में भयंकर तनाव बढ़ गया है। इसको लेकर एक्सपोर्ट ठप हो गया है। मुंबई बंदरगाहों से कंटेनर की बुकिंग करने वाली कंपनियों ने बुकिंग बंद कर दी है। समुद्री के साथ हवाई मार्ग से माल नहीं जा पा रहा है। इसके अलावा खाड़ी देशों से आने वाला माल भी नहीं आ पा रहा है। इससे निर्यातक बेचैन हैं। फैक्ट्रियों में रखा माल डंप हो गया है। आर्डर आने बंद हो गए हैं। उत्पादन बंद होने की कगार पर आ गया है। जिन वेंडरों से माल तैयार कराया जाता था वह प्रक्रिया ठप हो गई है। होली का त्योहार है इसलिए अभी प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। लेकिन कागजों पर प्रभाव आने लगा है होली बाद इसका असर तेजी से दिखाई देगा। खाड़ी देशों के साथ यूरोपीय देशों के निर्यात पर भी असमंजस मौजूदा समय में खाड़ी देशों को जाने वाले कंटेनर बंद हो गए हैं। लेकिन इसका असर यूरोपीय देशों पर भी पड़ रहा है। जो निर्यातक अमेरिका समेत अन्य देशों को निर्यात करते हैं वह भी चिंतित हैं। असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अमेरिकी बॉयर भी हालात का इंतजार कर रहे हैं। आगे क्या होगा? इसी को लेकर आर्डर होल्ड हो रहे हैं। हार्डवेयर, ताला, पीतल मूर्ति निर्माता समेत अन्य परेशान हो रहे हैं। दूसरी ओर मीट इकाई संचालक भी परेशान हो गए हैं। आईआईए के चेयरमैन एवं निर्यातक आलोक झा ने बताया कि मौजूदा वैश्विक हालात कारोबार के अनुकूल नहीं हैं। निर्यातकों के सामने धैर्य रखने का समय है। केवल अच्छे समय का इंतजार करना होगा। मुंबई से समुद्र व हवाई दोनों मार्ग से कंटेनर की बुकिंग बंद हो चुकी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


