
हिन्दुस्तान पड़ताल : गजब, पार्किंग की दरकार स्वीकृत कर दिया एफओबी
Aligarh News - रामघाट रोड पर स्कूल की छुट्टी के समय रोज लगता है भीषण जाम, सरकारी मशीनरी ने जाम से निजात पाने का तरीका तो निकाला ही नहीं
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। मर्ज कुछ और था और मरहम कुछ और ही मिला। जी हां, इन पंक्तियों की तरह सरकारी तंत्र ने रामघाट रोड पर एडीए कार्यालय के सामने स्कूलों की छुट्टी के समय लगने वाले जाम का समाधान निकाला है। पार्किंग प्लेस की सुविधा देने की बजाए यहां 1.29 करोड़ की लागत से फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी जा चुकी है। वहीं लगभग रोजाना ही यहां जाम में फंसने वाले लोगों का कहना है कि पार्किंग की दरकार थी और एफओबी थोपा जा रहा है। सरकारी मशीनरी को जाम से निजात दिलाने का तरीका निकालना चाहिए था।
स्कूल के समय आने व छुट्टी के समय 200 से दोपहिया व चौपहिया वाहन सड़क के दोनों ओर खड़े होते हैं। जिसकी वजह से जाम लगता है। एफओबी बनने से क्या यह जाम नहीं लगेगा। शनिवार को कमिश्नरी सभागार में आयोजित एडीए अवस्थापना निधि की बोर्ड बैठक में 1.29 करोड़ की लागत से ओएलएफ के सामने फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाए जाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई थी। अधिकारियों ने अवर लेडी फातिमा के सामने फुट ओवर ब्रिज के प्रस्ताव को जनसुरक्षा से जुड़ा कार्य बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी। जिसमें कहा गया कि एफओबी के निर्माण से स्कूल के छात्रों, अभिभावकों व अन्य नागरिकों को सड़क पार करने में सुरक्षित सुविधा मिलेगी। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि छात्रों, अभिभावकों व अन्य नागरिकों को सड़क पार करना अभी भी कोई असुरक्षित नहीं है। जिस समय स्कूल की छुट्टी होती है को ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहनों की आवाजाही को रोक विद्यार्थियों को सड़क पर कराई जाती है। जबकि यहां सबसे ज्यादा परेशानी ओएलएफ व संत फिदेलिस स्कूल के अवकाश के समय लगने वाले जाम से होती है। इसकी बड़ी वजह है सड़क के दोनों ओर वाहनों का सड़क पर खड़े किया जाना। इस वजह से काफी देर जाम लगता है। अभिभावकों व स्थानीय लोगों का कहना है कि बेहतर होता कि सड़क पर खड़े होने वाले वाहनों को किसी पार्किंग प्लेस पर खड़ा कराए जाने का रास्ता निकाला गया होता। 0-वर्जन एफओबी से सड़क पर लगने वाला जाम तो समाप्त नहीं होगा। एडीए व अन्य विभागों को इस पर कार्य करने की जरूरत है कि सड़क पर खड़े होने वाले वाहनों के लिए क्या विकल्प हो सकता है। -डा. भरत वार्ष्णेय, अभिभावक एफओबी का निर्माण में 1.29 करोड़ का बजट खर्च व्यर्थ ही है। सही मायने में यह रोड इतना चौड़ा भी नहीं है कि इसके लिए एफओबी की आवश्यकता हो। पार्किंग के लिए जगह बननी चाहिए। -अभिषेक गुप्ता, अभिभावक ओएलएफ व संत फिदेलिस स्कूल के बाहर अवकाश के समय जो वाहन खड़े होते हैं, अगर उनको ही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया जाए तो एक मिनट का भी जाम नहीं लगेगा। -खुसरो मारूफ, अभिभावक 0-वर्जन एफओबी निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। अब इसकी डिजाइन आदि तैयार करवाई जाएगी। एफओबी बनने से लोगों को सड़क पार करने में भी सुविधा मिलेगी। -आरके सिंह, एक्सईएन, एडीए

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




