साइबर ठगों ने 52 महिलाओं के खातों में मंगाए थे लाखों रुपये
Aligarh News - - शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाली महिलाओं के साथ हुई बड़ी धोखाधड़ी -
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। नौकरी दिलाने के नाम पर महिलाओं के खाते खुलवाकर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस की जांच में कई बातें सामने आई हैं। इनमें कुल 52 महिलाओं के खाते खुलवाए गए हैं। साथ ही सिम भी ली गई हैं। खातों में साइबर ठगी के लाखों रुपये मंगाए गए हैं। पुलिस सभी को खातों को खंगाल रही है। साथ ही गिरोह की तलाश में भी टीम जुटी हुई है। शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाली महिलाओं ने शनिवार को घंटाघर चौराहे के पास प्रदर्शन किया था। पुलिस पहुंची तो उन्होंने बताया कि नेशनल सिक्योरिटी सर्विस कंपनी ने उन्हें नौकरी दिलाने का झांसा देकर आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोन नंबर ले लिए।
बारहद्वारी स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में सभी के बैंक खाते खुलवा दिए गए। सिम भी ले ली। लेकिन, नौकरी नहीं लगी, बल्कि उनके खातों में अचानक लाखों रुपये आ गए। किसी के खाते में एक लाख तो किसी में पांच लाख रुपये तक आए हैं। माना जा रहा है कि खातों में 50 लाख से अधिक का लेनदेन हुआ है। सभी रुपये आरोपियों ने निकाल लिए हैं। कंपनी का दफ्तर सासनीगेट क्षेत्र के लोधी विहार में बताया गया था, जो बंद हैं और आरोपी संचालक व अन्य फरार हैं। साइबर सेल ने इसकी जांच शुरू कर दी है। सीओ प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि कुल 52 महिलाओं के खाते खोले गए हैं। इनमें साइबर ठगी की रकम मंगाई गई है। कुल कितने रुपये आए हैं, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही कंपनी खोलने वाले लोगों की भी तलाश की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




