
आत्महत्या करने को डीजल लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी वृद्धा, हड़कंप
Aligarh News - - जमीन की धोखाधड़ी के एक मुकदमे में जेल गई थी महिला, विवेचक पर आरोप, मृतकों को गवाह बनाकर लगाई चार्जशीट
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। क्वार्सी क्षेत्र के किशनपुर इलाके में शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग महिला डीजल से भरा डिब्बा लेकर आत्महत्या करने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गई। इसे देख लोगों में हड़कंप मच गया। महिला ने कूदने का प्रयास किया, तभी पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए लोगों की मदद से डिब्बा छीनते हुए उसे नीचे उतार लिया। महिला जमीन के एक मुकदमे में जेल जा चुकी है। उसका आरोप था कि पुलिस ने मृतकों को गवाह बनाकर गलत विवेचना की है। क्वार्सी बाईपास कृष्णा नगर निवासी हरबेजी के अनुसार उसने 25 साल पहले 109.86 वर्गगज एक प्लॉट खरीदा था।

2018 में इसका बैनामा कराया। दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे अपना प्लॉट बताकर गलत आरोप लगाते हुए एक मई 2023 को हरवेज समेत चार लोगों के खिलाफ क्वार्सी थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। इसमें वह चार माह तक जेल में रही। आरोप है कि विवेचक एसआइ विजेंद्र सिंह व गुलाब सिंह ने विवेचना के दौरान दो गवाह आशा देवी व मालिनी देवी के बयान लिए। लेकिन, हैरानी की बात है कि दोनों का 2018 में ही देहांत हो चुका है। पुलिस ने झूठी रिपोर्ट तैयार कर चार्जशीट दाखिल कर दी। हरवेजी ने डीएम-एसएसपी से इसकी शिकायत की, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर उसने आत्महत्या का मन बनाया और टंकी पर चढ़ गई। इसे लेकर करीब एक घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा होता रहा। पुलिस ने समझाकर उसे उतारा और थाना क्वार्सी लेकर पहुंची। वहां से सीओ तृतीय के कार्यालय में ले गए। सीओ ने उसे निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। दो साल पहले महिला के खिलाफ जमीनी धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें वह जेल जा चुकी है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। वहीं, प्रथम दृष्टया विवेचक की लापरवाही सामने आई है। इसकी रिपोर्ट बनाकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेज दी है। सर्वम सिंह, सीओ तृतीय

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




